युवती को अगवा करने की कोशिश में ठेकेदार को जेल
एक दिन पहले शाहगंज में हुई थी घटना, साथी की तलाश
प्रयागराज। शाहगंज में पुलिस चौकी के पास युवती को सरेआम कार में खींचकर अगवा करने की कोशिश का आरोपी सुनील मिश्रा जेल भेज दिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह नगर निगम में ठेकेदारी करता है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी सीज कर दी है। साथ ही अब घटना में उसके साथ मौजूद रहे उसके एक साथी की तलाश शुरू कर दी गई है।
घटना एक जुलाई की रात नौ बजे के करीब हुई थी। शाहगंज में रहने वाली युवती अपनी एक सहेली के साथ जंक्शन से लौट रही थी तभी काटजू रोड पर समीरा होटल केपास कारसवार युवकों ने हाथ पकड़कर उसे कार में खींचने की कोशिश की थी। मौके से सुनील पकड़ा गया था जबकि उसका साथी फरार हो गया था। देर रात युवती की तहरीर पर पुलिस ने महिला केअपहरण समेत अन्य आरोपों में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसके पिता भी नगर निगम में ठेकेदार रहे हैं। एसओ शाहगंज अरविंद कुमार राय ने बताया कि फरार साथी के बारे में पूछने पर उसने बताया कि वह उससे तीन-चार दिन पहले ही मिला था। ऐसे में वह उसका पता नहीं जानता है। एसओ ने बताया कि उसकी तलाश की जा रही है।