दीपावली से पहले अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रयागराज पुलिस ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 10 से 25 अक्तूबर तक चलने वाले इस ऑपरेशन के तहत जिलेभर में छापेमारी की जाएगी। इसका उद्देश्य फटाखा फैक्ट्रियों या गोदामों में किसी भी हादसे को समय रहते रोकना है।
हाल के दिनों में प्रदेश के कई जिलों में अवैध पटाखा फैक्ट्रियों में हुए विस्फोटों के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इन घटनाओं में कई लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जिसके बाद मुख्यालय ने सभी जिलों को निगरानी और कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। प्रयागराज कमिश्नरेट ने इस अभियान के लिए सर्किलवार टीमें गठित की हैं। हर टीम को अपने क्षेत्र में निर्माण, बिक्री और भंडारण से जुड़ी इकाइयों की पहचान कर कार्रवाई की जिम्मेदारी दी गई है।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून व्यवस्था डॉ. अजयपाल शर्मा ने बताया कि सभी एसीपी को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो संबंधित एसडीएम के साथ संयुक्त कार्रवाई करेंगे। संवेदनशील इलाकों खासकर औद्योगिक क्षेत्रों, गोदामों और घनी आबादी वाले हिस्सों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए ड्रोन कैमरों और स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू) की मदद ली जा रही है। जिन इलाकों में पहले अवैध पटाखा निर्माण पकड़ा गया था, उन्हें भी फोकस एरिया में रखा गया है। साथ ही हर दिन शाम छह बजे तक पुलिस मुख्यालय को अभियान की प्रगति रिपोर्ट भेजी जाएगी। जिले में सभी नोडल अफसरों को शाम चार बजे तक अपनी रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।