जीएसटी का स्लैब कम होने के बाद बर्तन बाजार की चमक इस बार देखने लायक है। धनतेरस से पहले ही बर्तनों की खरीदारी शुरू हो गई है। आने वाले दिनों में सहालग को देखते हुए भी लोग बर्तन खरीद रहे हैं। इस बार स्टील के साथ ही तांबे और पीतल के बर्तनों की मांग बढ़ी है। संगम नगरी में ट्राई प्लाई स्टील के बर्तन ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। इसमें स्टील, एल्यूमिनियम और स्टील की लेयर रहती है। इसे एसएएस भी कहा जाता है। एसएएस की कढ़ाई, फ्राई पैन, कुकर और तवा आदि की बिक्री बढ़ी है। इस श्रेणी के बर्तन 600 से लेकर 10 हजार तक की रेंज के हैं।
स्टील के डिजाइनर बर्तन की बड़ी रेंज
सहालग की वजह से बाजार में स्टील की डिजाइनर पानी टंकी, थाली, लोटा, भगोना पसंद किए जा रहे हैं। गुरु प्रसाद हीरा लाल क्राॅकरी के अंकित जैन ने बताया कि सी थ्रू ग्लास वाले जार की बड़ी रेंज बाजार में आई है। प्रयागराज व्यापार मंडल के सुशांत केसरवानी ने बताया कि ठठेरी बाजार में चहल पहल बढ़ गई है। वहीं, कारोबारी दिनेश खन्ना बताते हैं कि क्राॅकरी के गिफ्ट पैक की भी बिक्री बढ़ी है। कारोबारी मुकेश ने बताया कि पीतल की कढ़ाई, लोटा एवं दीया और बड़े कलश की भी अच्छी रेंज उपलब्ध है। पीतल के गणेश-लक्ष्मी व दीप स्टैंड के साथ पूजा के पात्र की मांग है।