थाना क्षेत्र के कटका गांव के पास शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार नगर निगम की बिना नंबर की कूड़ा गाड़ी टाटा मैजिक की चपेट में आने बाइक सवार दंपति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम केे लिए चीरघर भेजा। आरोपी चालक को भी गाड़ी समेत दबोच लिया गया था। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। हादसे से मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। परिजन मौके के साथ ही बाद में झूंसी थाने पर ग्रामीणों के साथ भारी संख्या में जुटे रहे।
थाना क्षेत्र के छतनाग रोड के नैका गांव निवासी 34 वर्षीय राजू भारतीया मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। उसे 32 वर्षीय पत्नी अंजू देवी से एक सात साल का बेटा रौनक तथा पांच वर्ष की बेटी आरध्या है। शुक्रवार को राजू के चाचा चंद्रप्रकाश भारतीय निवासी बदरा-सोनौटी गांव थाना झूंसी के घर से वहीं के समईया माई मंदिर पर निशान चढ़ना था। राजू सुबह तकरीबन साढ़े नौ बजे पत्नी अंजू के साथ चाचा के घर जाने के लिए बाइक से निकला था।