91 की कराई गई जांच, 76 का बृहस्पतिवार को लिया जाएगा स्वाब
प्रयागराज। कोरोना की चेन तोड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से तीन दिन के लिए शहर के 12 मोहल्लों में कराए गए सर्वे में 167 लोग फ्लू से संक्रमित मिले हैं। इनमें से 91 लोगों की कोरोना की जांच कराई गई है। रिपोर्ट का इंतजार है। जबकि, 76 की जांच बृहस्पतिवार को कराई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने शहर के 12 ऐसे मोहल्लों को चिह्नित किया था। जहां कोरोना के मामले सबसे अधिक आ रहे हैं। इनमें दारागंज, अल्लापुर, मुट्ठीगंज, कीडगंज, नयापुरवा, अतरसुइया, करेली, करेलाबाग, राजापुर, ममर्फोडगंज, ओल्ड कटरा का इलाका शामिल है। यहां तीन दिनों के लिए एक विशेष अभियान चलाया था। दो अगस्त से लेकर पांच अगस्त तक चले अभियान में 167 लोगों में फ्लू के लक्षण मिले हैं। इनमें बुखार के सबसे अधिक 108, खांसी के 50 और बाकी सांस लेने मेें तकलीफ वाले हैं।
एसीएमओ डॉ. सतेंद्र राय ने बताया कि इन इलाकों में सर्वे के लिए ढाई सौ से अधिक टीमें लगाई गई थीं। कुल 20 हजार से अधिक घरों में सर्वे का कार्य किया, जिसमें एक लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई। उसमें से 167 लोग फ्लू वाले मिले हैं। ये इलाके दारागंज की दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कीडगंज धैकार बस्ती, दरियाबाद, करेलाबाग, करेली, कीडगंज, सुल्तानपुर भावा, बेली, तेलियरगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत आते हैं।
शहर के इन इलाकों में कंटेनमेंट और कलस्टर जोन की संख्या भी सबसे अधिक है। रोजाना पॉजिटिव आ रहे कोरोना के नए मरीजों में ज्यादातर संख्या इन्हीं इलाकों से आ रही है। ऐसे में यहां सर्वे का कार्य कराया गया।