मीरगंज। सॉफ्टवेयर इंजीनियर की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मीरगंज के मोहल्ला मेवात की टीचर्स कॉलोनी में रहने वाली उसकी पत्नी और एक साल के बच्चे सहित माता-पिता और घर में किराये पर रह रहे सिपाही को पत्नी एवं एक साल के बच्चे सहित बरेली स्थित तीन सौ बेड के अस्पताल भेज दिया है। मोहल्ले में पुलिस तैनात कर दी गई है।
कस्बे का 32 वर्षीय युवक नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। वह दिल्ली के ओखला में किराये पर रहता था। 24 मई को मीरगंज अपने घर आया था। उसी दिन मीरगंज सीएचसी जाकर जांच कराई, लेकिन कोरोना के लक्षण न दिखने पर उसे घर भेज दिया गया। 30 मई को वह फिर जांच कराने गया तो डॉक्टरों ने उसे तीन सौ बेड अस्पताल भेज दिया। वहां उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। मंगलवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सूचना मिलते ही मीरगंज सीएचसी के एमओआईसी डॉ. अमित कुमार ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर और सिपाही के परिवार को एंबुलेंस से तीन सौ बेड अस्पताल भेज दिया। मोहल्ला पहले से ही हॉटस्पॉट है। अब एक और संक्रमित मिलने के बाद पुलिस बल बढ़ा दिया गया है।