भारतीय जनता पार्टी की इलाहाबाद में होने वाली राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के एजेंडे क्या होंगे उस पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार रात मंत्रणा की। सिविल लाइंस स्थित होटल कान्हा श्याम में उन्होंने पार्टी के संगठन महामंत्री रामलाल समेत सभी राष्ट्रीय महासचिवों के साथ वार्ता कर तमाम एजेंडों पर चर्चा कर दिशा निर्देश दिए। उन्होंने पार्टी के दो साल की उपलब्धियों के परिप्रेक्ष्य और गत मार्च माह में दिल्ली में हुई बैठक में पारित प्रस्तावों की भी समीक्षा की।
पार्टी की कोर कमेटी की इस बैठक में रविवार शाम पांच बजे से शुरू होने वाली कार्यसमिति की बैठक के तमाम मुद्दों पर चर्चा हुई। सूत्रों की माने तो इन तमाम मुद्दों में यूपी विधानसभा चुनाव में सीएम प्रत्याशी के नाम को अलग रखने को कहा गया। इस दौरान चर्चा हुई कि इलाहाबाद में होने वाली इस बैठक में यूपी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर किसे क्या जिम्मेदारी दी जाए। बैठक में समसामयिक राजनीतिक हालात , केंद्र सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों, संगठनात्मक रणनीति आदि मुद्दों पर भी चिंतन करने को कहा गया। इतना ही नहीं राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्रीमंडल में फेरबदल पर भी पार्टी नेताओं ने बातचीत की।
बता दें कि पिछले कई दिनों से चर्चा है कि राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के बाद मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में फेरबदल हो सकता है। कार्यसमिति की बैठक में मंत्रिमंडल में होने वाले फेरबदल पर भी चर्चा संभव है। इसके पूर्व इलाहाबाद आगमन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। होटल कान्हा श्याम पहुंचने के बाद पार्टी नेताओं ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। इस दौरान पार्टी के तमाम राष्ट्रीय महासचिव के साथ प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य एवं कई अन्य पदाधिकारी आदि मौजूद रहे।