इलाहाबाद (ब्यूरो)। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट की ओर से शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को चेतावनी दिवस के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया गया। धरने का नेतृत्व शिक्षक विधायक सुरेश त्रिपाठी ने किया। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों की अंशदायी पेंशन योजना की कटौती जुलाई में शुरू नहीं हुई तो आगामी विधान परिषद का सत्र नहीं चलने दिया जाएगा।
प्रदर्शन की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष जंग बहादुर सिंह पटेल ने कहा कि अंशदायी पेंशन के मामले में सरकार ने शिक्षकों को छलने का काम किया है। प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य महेश दत्त शर्मा, कुंज बिहारी मिश्र, मंडलीय मंत्री रमेश चन्द्र शुक्ल ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों को छला है, शिक्षकों को नि:शुल्क चिकित्सा से वंचित किया है। संचालन कर रहे डॉ. शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि चयन बोर्ड से चयनित शिक्षकों को कार्यभार नहीं ग्रहण करवाना उनके अधिकारों का उलंघन है। डॉ. मनोज मिश्रा ने चाइल्ड केयर लीव और मातृत्व अवकाश ने मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। धरने को अजय कुमार सिंह, डॉ. जय प्रकाश शर्मा, मानिक चन्द्र यादव, शिव श्ंाकर यादव, डॉ. विनोद कुमार सिंह ने संबोधित किया।