लगातार बढ़ रहे कीवी के दाम
प्लेटलेट्स बढ़ाने में कीवी को भी कारगर माना जाता है। इस वजह से शहर में कीवी की डिमांड बढ़ गई है। यूं तो कीवी मुख्य रूप से न्यूजीलैंड से आती है, लेकिन अब देश में भी कुछ स्थानों पर इसका उत्पादन शुरू हो गया है। फल विक्रेता विजय कुमार बताते हैं कि कीवी की मांग इन दिनों सर्वाधिक है। अभी उनके यहां सौ रुपये में तीन कीवी दी जा रही है। कटरा, मेडिकल चौराहा, अलोपीबाग, चौक, तेलियरगंज, रामबाग आदि इलाकों में कीवी के अलग-अलग रेट हैं। इन बाजारों में कीवी 35 से लेकर 60 रुपये पीस में बेची जा रही है। वहीं पपीते के दाम भी 40 से बढ़कर 60 रुपये किलो हो गए हैं।
नारियल पानी का बढ़ा दायरा
डेंगू की वजह से नारियल पानी की खपत भी काफी बढ़ी है। नारियल पानी अब शहर के तकरीबन सभी मोहल्लों में दुकानदार बेच रहे हैं। साउथ मलाका चौराहे के पास नारियल पानी दुकानदार जयप्रकाश ने बताया कि वह पहले 40 और 50 रुपये में बेचते थे, लेकिन अब कीमतें 50 से 60 रुपये तक जा पहुंची हैं। मुंडेरा फल सब्जी व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतीश कुशवाहा ने बताया कि मंडी में औसतन तीन ट्रक नारियल पानी रोज आ रहा है। यहां ओडीसा, केरल एवं समुद्र किनारे वाले अन्य इलाकों से आपूर्ति हो रही है।
बकरी के दूध की बढ़ रही मांग
बकरी के दूध की भी मांग शहर में बढ़ गई है। आईईआरटी के पास बकरी का दूध लेने पहुंचे संदीप ने बताया कि एक पाव दूध 40 रुपये में मिल रहा है। आजाद नगर के मो. अकरम ने बताया कि शहर में दूध न मिलने की वजह से वह बीते दो दिन डांडी से बकरी का दूध ले आए। एक गिलास दूध के लिए उन्हें सौ रुपये देने पड़े।