करछना। मृतक जीआरपी सिपाही रवि पटेल की फाइल फोटो
दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर मंगलवार सुबह कानपुर जीआरपी में तैनात सिपाही की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कैथी गांव निवासी रवि पटेल (30) पुत्र जय बहादुर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रवि पटेल वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती कानपुर जीआरपी में थी। परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9 बजे रवि बिना किसी को बताए बाइक लेकर घर से निकले थे। करीब 11 बजे बसरिया गांव के पास रेलवे लाइन पर उनकी मौत की सूचना मिली।
रवि अपने दो भाइयों में सबसे बड़े थे। करीब दो वर्ष पहले उनकी शादी अंजू पटेल के साथ हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पिता जय बहादुर और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।