प्रयागराज। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में महिला कर्मियों को राहत देने के लिए शिशुगृह (क्रेच ) खोला जाएगा। बृहस्पतिवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में नाॅर्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन की रेलवे अफसरों के साथ हुई स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम ) की बैठक में शिशुगृह बनाए जाने समेत कई मुद्दों पर सहमति बनी।
डीआरएम ऑफिस में दो दिवसीय पीएनएम बैठक में तमाम मांगों पर यूनियन नेताओं ने चर्चा की। प्रयागराज मंडल में यूनियन के प्रस्ताव पर पहले चरण में कुल 15 नए शौचालय बनाए जाएंगे। प्रयागराज मंडल में फ्लाइंग गैंग बनाना, आरओ लगवाना, फ्लाइंग नाइट गैंग का बनाना, डिपो की साफ सफाई आदि मांगों पर भी सहमति बनी। इसके अलावा कॉलोनी केयर कमेटी को नियमानुसार बनाए जाने पर भी सहमति बनी।
मंडल मंत्री डीएस यादव ने बताया कि अफसरों के समक्ष कुल 83 एजेंडे रखे गए। दूसरे दिन रेलवे की ओर से एडीआरएम संजय सिंह के साथ वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता ने शिरकत की। इस मौके पर आरडी यादव, मनोज त्रिपाठी, नागेंद्र बहादुर सिंह, दिनेश शर्मा, बीरेंद्र सिंह, जेके अजवानी, सरदार सिंह और दलेल सिंह आदि मौजूद रहे।