प्रयागराज। गंगा-यमुना के जलस्तर में लगातार गिरावट जारी है। इससे कछारी इलाके के लोगों में राहत है लेकिन पहाड़ों पर तेज बारिश से बाढ़ की चिंता भी सता रही है।
दोनों नदियों का जलस्तर 81 मीटर से नीचे चला गया है। बृहस्पतिवार रात आठ बजे की रिपोर्ट के अनुसार यमुना में तीन और गगा में ढाई सेमी प्रति घंटे की दर से कमी आई है। इससे कछारी इलाके की बस्तियों से पानी दूर चला गया है। हालांकि अफसरों का कहना है कि पहाड़ों और मध्य प्रदेश में ज्यादा बारिश की स्थिति में एक बार फिर नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से तैयारी की गई है।
सफाई एवं छिड़काव के निर्देश
प्रयागराज। महापौर गणेश केसरवानी ने बृहस्पतिवार को बैठक कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने नगर निगम के अफसरों को प्रभावित क्षेत्रों में नियमित सफाई कराने के साथ फॉगिंग एवं एंटी लार्वा के छिड़काव के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि बाढ़ का पानी निकलने के साथ गदंगी रह जाती है इससे बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए सफाई के साथ कीटनाशक व एंटी लार्वा का नियमित छिड़काव किया जाए। बैठक में अपर नगर आयुक्त दीपेंद्र यादव, महाप्रबंधक जलकल कुमार गौरव आदि मौजूद रहे। ब्यूरो