इलाहाबाद ब्यूरो। बारिश व ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे को लेकर कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट में पहले तो प्रदर्शन किया और फिर नगर मजिस्ट्रेट के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। किसानों को मुआवजे की मांग को लेकर कांग्रेस शहीद लाल पद्मधर भवन पर जमा हुए। जुलूस की शक्ल में कांग्रेसी कलेक्ट्रेट पहुंचे और धरना प्रदर्शन किया।
इस मौके पर संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी ने कहा कि बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से जहां लाखों किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं, वहीं केंद्र व राज्य सरकार किसानों को आर्थिक सहायता मुहैया कराने में नाकाम साबित हो रही है। किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं। प्रदेश में अब तक सौ से अधिक किसान अपनी जान गवां चुके हैं। केंद्र व राज्य सरकार के अफसर कुंभकर्णी नींद सो रहे हैं।
पार्टी नेता तारिक सईद रज्जू ने कहा कि किसानों को आर्थिक सहायता महज फाइलों में मिल रही है। धरातल पर किसानों को फूटी कौड़ी भी नही मिली है। राजकुमार सिंह रज्जू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने विधायकों को मानदेय तो तत्काल बढ़ा दिया लेकिन किसानों से सरकार का कोई लेनादेना नही है। धरना प्रदर्शन के बाद कांग्रेसियों ने नगर मजिस्ट्रेट ओपी श्रीवास्तव के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। धरने में राजेंद्र मिश्रा, अमृतलाल बिंद, श्रीश चंद्र दूबे, निजामुद़्दीन, राधेश्याम कुशवाहा, राजाराम कनौजिया, अजनीत कुशवाहा, राजकुमार गौतम, दिलीप तिवारी, समेत कई कांग्रेसी शामिल थे।