कांग्रेस का मोटर साइकिल जुलूस
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
कांग्र्रेसियों ने मोदी सरकार के खिलाफ पोल खोल अभियान के तहत शुक्रवार को मोटर साइकिल जुलूस निकाला। वहीं, पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने मोदी के इलाहाबाद आगमन को अशुभ बताते हुए यज्ञ का आयोजन किया। दूसरी ओर स्टूडेंट गार्जियन फ्रंट ने 12 जून को इलाहाबाद बंद कराने की तैयारी कर ली है।
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी और शहर कांग्रेस के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक सईद अज्जू के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने आनंद भवन से मोटरसाइकिल जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने महंगाई के मुद्दे पर मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नरेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की नमामि गंगे योजना पूरी तरह से फ्लॉप रही और चुनावी वादे भी जुमले तक ही सीमित रह गए। तय हुआ कि मोदी के नगरागमन के विरोध में 12 एवं 13 जून को काला दिवस मनाया जाएगा।
जुलूस में अज्जम सईद, दीपचंद्र शर्मा, वीरेंद्र सोनकर, राजाराम कनौजिया, इमरान, गिरजा शंकर शुक्ल आदि शामिल रहे। दूसरी ओर विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष संजय तिवारी ने प्रेस क्लब में संवाददाताओं को बताया कि महंगाई समेत तमाम मुद्दों पर स्टूडेंट गार्जियन फ्रंट ने 12 जून को इलाहाबाद बंद की घोषणा की है। 11 जून को सिविल लाइंस में बैठक कर इस पर रणनीति बनाई जाएगी। वहीं, युवा कांग्रेस के शशांक शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यज्ञ का अयोजन किया और कहा कि मोदी का आगमन अशुभ है। उधर, जिला कांग्रेस के महासचिव श्याम सुंदर शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बैठक कर 13 जून को प्रधामंत्री मोदी की जनसभा में काला झंडा दिखाने का निर्णय लिया। दूसरी ओर शहर कांग्रेस सेवा दल की जवाहर स्क्वायर में हुई बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने पीएम के इलाहाबाद आने पर विरोध जताया।