पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर पीएम नरेंद्र मोदी की टिप्पणी से नाराज कांग्रेसियों ने सोमवार को आनंद भवन के बाहर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। इस दौरान सरकार विरोधी नारे लगाए गए। कांग्रेसियों का कहना था कि भारत रत्न राजीव गांधी का अपमान नहीं सहा जाएगा।
दोपहर बाद प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी और हसीब अहमद की अगुवाई में जुटे प्रदर्शनकारियों ने पूर्व पीएम पर मोदी की टिप्पणी को देश की जनता को आघात पहुंचाने की कोशिश बताया। इस मौके पर तुलसी गोस्वामी, सावित्री गोस्वामी, करीम उल्ला, महताब खां, रईस अहमद, शिव कुमार, अजीत कुमार, महबूब खां, राकेश हजेला समेत तमाम लोग मौजूद थे।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता किशोर वार्ष्णेय ने पीएम मोदी द्वारा राजीव गांधी को भ्रष्टाचारी नंबर-1 करार दिए जाने को हताशा और बौखलाहट का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि सात में से पांच चरणों के चुनाव में पराजय की आशंका से घबराए मोदी ऐसी अपमानजनक टिप्पणी कर रहे हैं। मोदी ने राजनीतिक संवाद का स्तर जिस तरह गिराया है, वैसा पहले कभी नहीं देखा गया। राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले पूर्व पीएम के प्रति ऐसी भाषा की जितनी निंदा की जाए कम है।