कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बीच कांग्रेस की ओर से शुरू किए गए सेवा सत्याग्रह के तहत कल तक यहां भी 10 हजार कोरोना उपचार किट पहुंच जाएगी। इसे सबसे पहले जिले के हर ब्लॉकों पर भेजा जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक में दो-दो सौ किटें भेजने की तैयारी है। इसके अलावा शहर में भी जरूरत मंदों को यह किट मुहैया कराई जाएगी। एक किट में 210 संक्रमितों के लिए दवाएं उपलब्ध हैं। कांग्रेस इसे अपने पदाधिकारियों के जरिए कोरोना संक्रमितों तक पहुंचाएगी। कांग्रेस ने इससे पहले से भी कोरोना मरीजों के लिए विशेष अभियान चला रखा है। वह जरूरतमंदों को हॉस्पिटल में भर्ती कराने के साथ ऑक्सीजन मुहैया कराने से लेकर अन्य सहायता उपलब्ध करा रही है।
कांग्रेस के प्रदेश सचिव संजय तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए लोगों की सहायता के लिए कोरोना होम आइसोलेशन उपचार किट का इंतजाम किया है। यूपी में 10 लाख किटें भेजी गई है। वह बुधवार तक यहां पहुंचेगी। सबसे पहले उसे ब्लॉकों पर भेजा जाएगा। हर ब्लॉकों पर दो-दो सौ किटें भेजने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि एक किट में 210 छोटी किटें हैं। एक छोटी किट में होम आइसोलेशन में दी जाने वाली दवाएं मौजूद हैं। इसमें दवाओं के छह पत्ते हैं। हर दवा के इस्तेमाल करने के निर्देश भी किट पर लिखे हैं। कांग्रेस अपने ब्लॉक अध्यक्षों के जरिए चिकित्सकों के परामर्श पर यह किट वितरित करेगी।
संजय तिवारी ने बताया कि पार्टी की ओर से ग्रामीण इलाकों में सैनिटाइजेशन के लिए भी इंतजाम किया जा रहा है। प्रदेश मुख्यालय से जल्द ही सैनिटाइजर भेजे जाने की तैयारी है। किट के साथ प्रियंका गांधी की पाती भी गांव-गांव भेजी जा रही है। पाती में पंचायत चुनावों में जीते हुए प्रधानों, बीडीसी और जिला पंचायत सदस्यों को बधाई देने के साथ कोरोना महामारी में सहयोग करने की अपील की गई है। पाती में पार्टी महासचिव ने लिखा है कि यह स्पष्ट हो चुका है कि सरकार की अधिकतम चिंता लोगों की जिंदगी बचाने में नहीं बल्कि एक नेता की छवि बचाने में है। उन्होंने आगे लिखा है कि यह हमारे लिए दुर्भाग्य की बात है कि सबसे बड़े वैक्सीन निर्माता देश होने के बावजूद देश में वैक्सीन की कमी है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि इंसानियत का यह तकाजा है कि राजनीतिक मतभेद से ऊपर उठकर हम सबकी मदद करें।