लॉकडाउन बढ़ने के कारण सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा (सामान्य चयन/विशेष चयन) परीक्षा-2019 के तहत सहायक अभियंता भर्ती को लेकर भी ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के कैलेंडर में यह परीक्षा सात जून को प्रस्तावित है, लेकिन अब इस परीक्षा के भी टलने के आसार हैं। यह परीक्षा सात साल बाद होने जा रही है।
पिछली बार वर्ष 2013 में सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा के तहत सहायक अभियंता और अवर अभियंता के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था और यह भर्ती छह साल बाद पूरी हुई। हालांकि, इस बार केवल सहायक अभियंता के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया है। इसके तहत सहायक अभियंता के सामान्य चयन के 692 पदों और विशेष चयन के 20 पदों पर भर्ती होनी है। यह भर्ती सिंचाई विभाग, लघु सिंचाई विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, लोक निर्माण विभाग, मंडी परिषद, आवास एवं शहरी नियोजन, नगर विकास विभाग, चिकित्सा विभाग, पंचायती राज विभाग, कृषि विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, ऊर्जा विभाग, श्रम विभाग में होनी है। इन पदों पर आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। आवेदन पिछले साल 30 दिसंबर से शुरू हुआ था, जिसकी अंतिम तिथि इस साल 30 जनवरी निर्धारित की गई थी। लॉक डाउन के कारण आयोग में सभी कामकाज ठप पड़े हुए हैं।
लॉकडाउन के बाद आयोग को पेपर सेंटिंग, केंद्र निर्धारण, प्रवेश पत्र जारी किए जाने की प्रक्रिया समेत परीक्षा से संबंधित कई औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। यह भी तय नहीं है कि लॉकडाउन पूरा होने के बाद भी सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर लगे तमाम प्रतिबंध हटेंगे या नहीं। इन परिस्थितियों में सात जून को प्रस्तावित सहायक अभियंता भर्ती परीक्षा के आयोजन को लेकर उहापोह की स्थिति बनी हुई है और इस परीक्षा के भी टलने के आसार बढ़ गए हैं।