इविवि के हॉस्टल वॉशआउट मामले में बवाल के बाद जेल में बंद छात्रनेताओं से मिलने पहुुंचे समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों व नेताओं ने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। जौनपुर जिला कारागार में बंद छात्रनेताओं ने मिलने पहुंचे सपा नेताओं को बताया कि यहां के हालात बहुत खराब हैं और उनसे कैदियों जैसा बर्ताव किया जा रहा है।
इविवि के पूर्व महामंत्री व विधायक संग्राम यादव, सछास के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल सिंह, अखिलेश गुप्ता, राघवेंद्र यादव, अरविंद सरोज, अजीत यादव समेत दर्जनों पार्टीजनों ने जौनपुर जेल में बंद छात्रनेता उदय प्रकाश यादव, अभिषेक यादव व संकेत मिश्रा से मुलाकात की। उदय ने पार्टीजनों को बताया कि छात्रनेताओं के साथ कैदियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है और जेल के हालात बेहद खराब हैं। इस पर पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि समाजवादी साथियों की जल्द से जल्द रिहाई कराकर ही दम लेंगे। उधर, इविवि छात्रसंघ भवन पर पूर्व अध्यक्ष विनोद चंद दुबे की ओर से सभी पूर्व अध्यक्षों व पदाधिकारियों की बुलाई गई बैठक प्रदेश अध्यक्ष नरेश पटेल द्वारा चित्रकूट जेल में बंद छात्रसंघ अध्यक्ष अवनीश यादव एवं उपाध्यक्ष से मिलने के निर्देश पर स्थगित कर दी गई। बैठक 9 जून को दोपहर 12 बजे छात्रसंघ भवन में करने का निर्णय लिया गया।
वहीं, छात्रों व छात्रनेताओं पर हुए लाठीचार्ज तथा संगीन धाराओं में दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर समाजवादी छात्र सभा ने शुक्रवार को सुभाष चौराहे पर प्रदर्शन किया। मयंक यादव जोंटी ने कहा कि प्रदेश सरकार छात्रों के साथ आतंकवादियों जैसा सुलूक कर रही है। सछास के प्रदेश सचिव प्रमिल यादव ने प्रदेश सरकार को छात्र विरोधी बताया। कहा कि पुलिस बीजेपी के इशारे पर काम रही है। प्रदर्शन के दौरान आशु पाल, अंगद यादव, मोहित यादव, आकाश यादव, धीरज सोनकर, मोनू प्रधान, रोहित यादव, ज्योति यादव, अतुल ठाकुर, रत्नेश यादव, रजत यादव, विजय, भूपेंद्र, मुशिर अहमद, संदीप आदि मौजूद रहे।