‘अमर उजाला’ के एजुकेशन फेयर ‘लक्ष्य-2016’ के आखिरी दिन रविवार को छात्र-छात्राओं की जबर्दस्त भीड़ उमड़ी। कौन सा क्षेत्र चुनें, कॅरियर के लिए क्या बेहतर होगा, कौन से कालेज में दाखिला लें जैसे कॅरियर से जुड़े तमाम सवाल लेकर पहुंचे विद्यार्थियों, अभिभावकों की जिज्ञासाओं को जवाब मिले। सिविल लाइंस स्थित होटल कान्हा श्याम में विद्यार्थियों को विशेषज्ञों की मदद से एक ही छत के नीचे अलग-अलग तरह के पाठ्यक्रमों तथा उसमें कॅरियर की संभावनाओं की बाबत पूरी जानकारी दी गई।
एजुकेशन फेयर ‘लक्ष्य’ को लेकर छात्र-छात्राओं में दूसरे दिन भी खासा उत्साह रहा। कार्यक्रम शुरू होने से काफी पहले से ही उनका जुटना जारी था। विद्यार्थियों सहित अपने बेटे-बेटियों के कॅरियर को लेकर चिंतित अभिभावकों ने भी काउंसलर्स तथा विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों से कॅरियर से जुड़े सवाल पूछे। सवाल-जवाब का यह सिलसिला कई चरणों में चला।
‘अमर उजाला’ के संपादक डॉ.सचिन शर्मा ने इंजीनियरिंग और मेडिकल के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी बेहतर कॅरियर की संभावनाओं की जानकारी दी। गूगल, फ्लिप कार्ट के सीईओ आदि के उदाहरणों से उन्होंने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कॅरियर मेले में पूरे देश के दो दर्जन से ज्यादा शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने उनके स्टॉल पर जाकर तरह-तरह के कोर्सेज के बारे में जानकारी हासिल की।
एजुकेशन फेयर के ‘गुरु प्रणाम’ कार्यक्रम के तहत शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों डॉ.सीपी शर्मा और अमित त्रिपाठी को सम्मानित किया गया। ‘अमर उजाला’ के संपादक डॉ.सचिन शर्मा ने उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान किया। बाद में गुरुजनों ने छात्र-छात्राओं को जीवन में सफलता के टिप्स भी दिए।
‘लक्ष्य’ में पहुंचे विद्यार्थियों की कॅरियर के प्रति आशंकाएं तो दूर हुईं हीं, ईनाम पाकर उनकी खुशी और बढ़ गई। लकी ड्रा के माध्यम से अंकित कुमार और गौरव अग्रहरि को मोबाइल जीतने का मौका मिला।
पारले मेक्सिटॉस सेल्फी कांटेस्ट में प्रिया पांडेय, पिंकू यादव, तनुश्री सरकार, दिलीप कुमार और अजीत सिंह विजेता रहे। इन्हें पारले मेक्सिटॉस की ओर से गिफ्ट हैंपर दिए गए।
एजुकेशन फेयर लक्ष्य में रविवार को बोर्ड परीक्षा में शामिल मेधावियों को सम्मानित किया गया। बोर्ड की बारहवीं की परीक्षा में 75 फीसदी से अधिक अंक पाने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
अमर उजला एजुकेशन फेयर लक्ष्य में छात्रवृत्ति के लिए आयोजित टेस्ट के प्रति छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह दिखा। दो दिनों में 500 से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए।
लक्ष्य-2016 के अन्य प्रतिभागी इंटीग्रल यूनिवर्सिटी लखनऊ, मंगलायतन यूनिवर्सिटी अलीगढ़, ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी देहरादून, हेवलेट-पैकार्ड, हीरो, गोयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस लखनऊ, युनाइटेड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस इलाहाबाद, पारले मेक्सिटॉस, एक्सिस कालेज कानपुर, रैफल्स यूनिवर्सिटी, जीएलए यूनिवर्सिटी मथुरा, शंभूनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी जयपुर, अमर उजाला एजुकेशन बुक्स, एपीजी शिमला यूनिवर्सिटी शिमला, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी जालंधर, एसकेडी न्यू स्टैंडर्ड कोचिंग इंस्टीट्यूट लखनऊ, दून बिजनेस स्कूल देहरादून, शारदा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस आगरा, बीएफआईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस देहरादून और श्रीराम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी हैं।