मम्फोर्डगंज स्थित आबकारी मुख्यालय की जमीन और सरकारी आवासों पर भू-माफियाओं के कब्जा करने का मामला सामने आया है। इस मामले में बुधवार को जिला आबकारी अधिकारी सुशील कुमार मिश्र ने एसडीएम सदर अभिषेक कुमार सिंह से मुलाकात कर जांच और कार्रवाई की मांग की।
मम्फोर्डगंज स्थित आबकारी मुख्यालय की जमीन और सरकारी आवासों पर भू-माफियाओं के कब्जा करने का मामला सामने आया है। इस मामले में बुधवार को जिला आबकारी अधिकारी सुशील कुमार मिश्र ने एसडीएम सदर अभिषेक कुमार सिंह से मुलाकात कर जांच और कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि मुख्यालय के लखनऊ शिफ्ट होने की चर्चाओं के बीच अराजक तत्वों ने यहां की सरकारी संपत्तियों पर कब्जा करना शुरू कर दिया है। यहां तक कि कब्जा करने वाले सरकारी भवनों को भी अपनी निजी संपत्ति बता रहे हैं।
विज्ञापन
पिछले दिनों मुख्यालय की बाउंड्रीवॉल को ढहा दिया गया था। विभाग ने शिकायत कर दीवार तो दोबारा बनवा ली, लेकिन अब परिसर में स्थित सरकारी आवासों पर कब्जे की बात सामने आ रही है। जब विभागीय अफसरों ने विरोध किया तो कब्जा करने वालों ने उलटा इसे अपना निर्माण बताकर दावेदारी ठोक दी। मुख्यालय के कुछ कर्मचारियों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों से मुख्यालय को लखनऊ ले जाने की चर्चाएं गर्म हैं। बड़े अफसरों ने भी लखनऊ में बैठना शुरू कर दिया है।
इससे मम्फोर्डगंज स्थित यह परिसर अब खाली रहने लगा है। इसी का फायदा उठाकर भू-माफिया सक्रिय हो गए हैं। कुछ महीने पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई न होने से कब्जा करने वालों के हौसले बुलंद हैं। एसडीएम सदर अभिषेक कुमार सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुराने राजस्व दस्तावेजों के आधार पर भूमि के स्वामित्व की जांच के निर्देश दिए हैं। कहा कि जांच पूरी होते ही अवैध रूप से रह रहे लोगों को नोटिस देकर बेदखली की कार्रवाई की जाएगी।