जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव को लेकर मंगलवार को चुनाव अधिकारियों, एल्डर कमेटी और संघ के अध्यक्ष और मंत्री की संयुक्त बैठक हुई। बुधवार को संघ सभागार में प्रत्याशियों का दक्षता भाषण होगा। इसकी वीडियोग्राफी होगी। भाषण के दौरान अनुपस्थित रहने वाले प्रत्याशी को दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा। नारेबाजी पर प्रतिबंध रहेगा।
बैठक में बताया गया कि चुनाव के लिए 18 बूथ बनाए गए हैं, जहां से बैलेट पेपर जारी किए जाएंगे। मतदान के लिए 150 बूथ स्थापित किए गए हैं। दक्षता भाषण बुधवार सुबह 11 बजे से संघ सभागार में शुरू होगा।
शुरुआत कार्यकारिणी पद के प्रत्याशियों से होगी। अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को पांच मिनट, मंत्री पद के प्रत्याशियों को तीन मिनट और उपाध्यक्ष, महिला उपाध्यक्ष, संयुक्त मंत्री, कोषाध्यक्ष, ऑडीटर, लाइब्रेरियन और कार्यकारिणी पद के प्रत्याशियों को एक-एक मिनट का समय दिया जाएगा।
दक्षता भाषण के दौरान सभागार में केवल प्रत्याशियों को ही प्रवेश मिलेगा। एल्डर कमेटी के चेयरमैन गिरीश तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में चुनाव अधिकारी राजेंद्र श्रीवास्तव, अखिलेश झा, संघ के अध्यक्ष कृष्ण बिहारी तिवारी और मंत्री बरूण कुमार सिंह, एल्डर कमेटी के सदस्य शीतला प्रसाद मिश्र, भगवत प्रसाद पांडेय, राजेंद्र प्रसाद मिश्र, राकेश कुमार दुबे मौजूद रहे।