नगर निगम में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में लोगों कीसमस्या सुनते अपर आयुक्त।अमर उजाला
- फोटो : shiv tripathi
खराब सड़क, बारिश में लबालब मोहल्ला, कदम-कदम पर पानी से जिंदगी सांसत में है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से घुटने तक पानी भर गया है। इस वजह से कई दिनों से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं लेकिन हमारी सुनने वाला कोई नहीं है। नगर निगम जनसुनवाई के दौरान समस्या लेकर पहुंचे झूंसी देव नगर के लोगों ने अपना दर्द बयां किया।
मंगलवार को भारी बारिश होने के बाद भी ओम प्रकाश चौरसिया, हरि शंकर शुक्ला, नागेंद्र कुमार मिश्र, अवधेश कुमार शुक्ला, एसएस शुक्ला, पंकज तिवारी, प्रमोद कुमार सिंह, सविता शुक्ला, गौरा देवी व निशा मिश्रा भीगते हुए नगर निगम की जनसुनवाई में पहुंचीं। जहां सभी ने अपर नगर आयुक्त शादाब असलम को ज्ञापन सौंपा।
लोगों ने कहा कि मोहल्ले में सड़क, बिजली, पानी, जल निकासी व प्रकाश की उचित व्यवस्था न होने के बावजूद गृहकर, जलकर समेत अन्य टैक्स वसूले जा रहे हैं। जबकि इस वक्त मोहल्ले में घुटने तक पानी भरा है। उन्होंने समस्या के त्वरित निराकरण की मांग की है। अपर नगर आयुक्त ने समस्या के जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया है।
वहीं, बारिश की वजह से सिर्फ 23 शिकायतकर्ता ही नगर निगम पहुंचे। इस दौरान अपर नगर आयुक्त राजीव शुक्ला, मुख्य अभियंता दिनेश चंद्र सचान, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी संजय ममगई, जलकल महाप्रबंधक संजीव कुमार व अभियंता अनिल मौर्य मौजूद रहे।