मेरठ के कमिश्नर की मां को सैर कराने के मामले को लेकर एडीएम सिटी फंसते नजर आ रहे हैं। डीएम संजय कुमार ने बुधवार को उनसे स्पष्टीकरण तलब किया है। उनसे जवाब मांगा गया है कि आदेश किन परिस्थितियों में जारी किए गए हैं और क्यों जारी किए गए। मामले में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की की बात कही जा रही है।
मेरठ कमिश्नर की मां इलाहाबाद सैर करने आई तो एडीएम सिटी की ओर से आदेश जारी किए गए। इसमें जिला प्रशासन के दो अफसरों की लिखापढ़ी में ड्यूटी लगा दी गई। सरकारी खर्च पर इनोवा गाड़ी और मोटरबोट उपलब्ध कराई गई।
‘अमर उजाला’ ने अपने 19 अप्रैल के अंक में इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित की तो प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई। अफसर बचने का रास्ता ढूंढ रहे हैं और यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि उनकी कारगुजारी सामने लाने वाला शख्स कौन है। ऐसे शख्स के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है। एडीएम सिटी की ओर से जिन दो प्रशासनिक अफसरों की ड्यूटी लगाई गई थी, मंगलवार को उनसे पूछताछ भी की गई।