उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के यात्रियों को भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए रेलवे प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। अब जंक्शन या बड़े स्टेशन के साथ ही एनसीआर जोन के तकरीबन सभी छोटे स्टेशन पर भी यात्रियों के लिए शीतल जल की व्यवस्था होगी। इसके लिए रेलवे ने सभी छोटे स्टेशन पर वाटर कूलर लगाने की तैयारी शुरू की है।
अब तक की व्यवस्था के अनुसार, वाटर कूलर, ऑटोमेटिक वॉटर वेंडिंग मशीन आदि सुविधाएं प्रमुख स्टेशनों तक ही सीमित थीं। छोटे और ग्रामीण क्षेत्रों के स्टेशनों पर यात्रियों को या तो हैंडपंप के भरोसे रहना पड़ता था या फिर ऊंचे दामों पर बोतलबंद पानी खरीदना उनकी मजबूरी थी। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, गर्मी के पीक सीजन से पहले सभी चिह्नित स्टेशनों पर वाटर कूलर चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। एनसीआर के जीएम नरेश पाल सिंह भी छोटे स्टेशनों पर वाटर कूलर लगाए जाने के पक्ष में है। ताकि इस सुविधा का लाभ केवल यात्रियों को ही नहीं, बल्कि उन स्टेशनों पर तैनात रेलकर्मियों को भी मिले।
दरअसल छोटे स्टेशनों पर तैनात स्टेशन मास्टर, पॉइंट्समैन और अन्य कर्मचारियों को अक्सर पीने के पानी के लिए बाहर जाना पड़ता था या घर से पानी लाना पड़ता था। एनसीआर के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी का कहना है कि छोटे स्टेशनों पर भी यात्रियों को ठंडा पानी मिले इसे लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस पहल से यात्रियों के अनुभव में सुधार होगा और बुनियादी सुविधाओं के मामले में छोटे स्टेशनों की तस्वीर भी बदलेगी।