मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुंभ की तैयारियों की विभागवार समीक्षा के दौरान अफसरों को प्रथम शाही स्नान से पहले सभी काम पूरे कर लेने की हिदायत दी। सीएम कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। आम श्रद्धालुओं के साथ अच्छा व्यवहार करने के साथ कुंभ के लिए फूलप्रूफ सुरक्षा बंदोबस्त करने का निर्देश दिया। सीएम ने कहा कि कुंभ की सफलता से यूपी स्वत: आगे बढ़ जाएगा। साथ ही चेताया कि इस बात का विशेष ध्यान दिया जाए कि कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
कुंभनगर की तैयारियों के निरीक्षण के बाद मेला क्षेत्र स्थित एसएसपी कार्यालय के सभागार में हुई समीक्षा बैठक में सीएम ने कहा कि कुंभ को सफल बनाने का सीधा श्रेय यूपी को प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि में की गई व्यवस्था में किसी प्रकार की समस्या न पैदा हो, इसके लिए किसी भी वीआईपी का कोई भी प्रोटोकाल एक दिन पहले और एक दिन बाद नहीं रहेगा। कुंभ की सुरक्षा पर उन्होंने जोर दिया। कहा कि कुंभ की सुरक्षा व्यवस्था फुलप्रूफ होनी चाहिए। इसके लिए हर अधिकारी -कर्मचारी अपनी ड्यूटी के प्रति सचेत रहें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कुंभ के दौरान आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने की रणनीति पर पूरी तरह से कार्य किया जाए।