लोकसभा उपचुनाव में सपा-बसपा के गठबंधन के बाद भाजपा ज्यादा आक्रामक हो गई है। पार्टी के तमाम नेता इस गठबंधन पर बयानबाजी कर रहे हैं। इसे और ज्यादा धार देने के लिए बृहस्पतिवार को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बार फिर से इलाहाबाद पहुंच रहे हैं। यहां गंगापार में दो और शहर उत्तरी के हिंदू बाहुल्य इलाके अल्लापुर में वे चुनावी सभा करेंगे। योगी लगातार अपने भाषणों से हिंदुओं को संगठित करने की बात कर रहे हैं।
चार मार्च को ही सीएम योगी ने इलाहाबाद में फाफामऊ विधानसभा के नवाबगंज और उसके बाद शहर पश्चिमी विधानसभा के प्रीतम नगर में चुनावी सभा की थी। उक्त सभा के पूर्व ही बसपा द्वारा सपा को समर्थन दिए जाने का एलान किया गया था। हालांकि इलाहाबाद में आयोजित सभा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने दोनों पार्टियों के गठबंधन पर हमला करने की बजाय कांग्रेस और सपा पर ही तमाम सियासी मुद्दों को लेकर निशाना साधा था। इस सभा के बाद से लगातार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सिद्धार्थ नाथ सिंह, डा. रीता बहुगुणा जोशी आदि लगातार इस गठबंधन पर निशाना साध रहे हैं।
अब इसी कड़ी में आठ मार्च को सीएम योगी आदित्यनाथ सोरांव विधानसभा के जलालपुर स्थित जवाहर लाल नेहरू इंटर कालेज मैदान में सुबह दस बजे, फूलपुर विधानसभा के सहसों में छत्रपति शिवाजी इंटर कालेज में दिन में 12 बजे एवं दोपहर तीन बजे अल्लापुर स्थित लेबर चौराहा पर तुलसी मंच पर चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। बताया जा रहा है कि इन तीनों ही जनसभाओं में सीएम योगी सपा-बसपा गठबंधन पर कटाक्ष कर सकते हैं। उधर अल्लापुर स्थित रैली स्थल की तैयारियों का भाजपाई दिन भर जायजा लेते रहे। यहां प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, विद्या सागर राय, नरेंद्र देव पांडेय, नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, मृत्युंजय तिवारी आदि मौके पर पहुंचे।