दीघार में ग्राम समाज की जमीन से अवैध अतिक्रमण हटाता जेसीबी मशीन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर नगर निगम ने बुधवार को भी अल्लापुर में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया। अलोपीबाग से बाघंबरी रोड की तरफ जाते समय दस्ते ने फुटपाथ पर टीन शेड वाले चार कमरे ध्वस्त कराए। इस दौरान लोग सड़क पर बैठकर विरोध जताने लगे। पुलिस ने उन्हें समझाया फिर लाठियां पटककर खदेड़ दिया। कार्रवाई में कई रैंप तोड़ने के साथ करीब 50 ठेले, गुमटी आदि हटाकर 8500 रुपये जुर्माना भी वसूल किया गया। इलाके में सुबह से शाम तक अफरातफरी मची रही।
नगर आयुक्त हरिकेश चौरसिया के निर्देश पर अतिक्रमण प्रभारी लालमणि यादव, निरीक्षक मनोज कुमार ने एसीएम मोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस, पीएसी बल के साथ सुबह दस बजे अलोपीबाग चुंगी से कार्रवाई शुरू की। अलोपशंकरी मंदिर के सामने से दारागंज रोड होते हुए बाघंबरी रोड पर डॉट पुल के पास ईंट रखकर टिन शेड डालकर बनाए गए चार कमरे जेसीबी से ढहा दिए। इस दौरान लोगों ने विरोध दर्ज कराते हुए हंगामा किया। नाराज लोग सड़क पर बैठ गए तो अफसर और पुलिस उन्हें समझाने लगे। अवैध निर्माण की बात मानने को तैयार नहीं लोगों को पुलिस ने लाठियां पटककर खदेड़ दिया। मौके से मलबा भी हटवा दिया गया।
इस कार्रवाई के बाद दस्ता मटियारा रोड, लेबर चौराहा होते अल्लापुर रामलीला पार्क के चारों तरफ अवैध निर्माण ढहाकर ठेले-गुमटी हटवा दीं। नाली पर बने चार रैंप भी तोड़े गए। अतिक्रमण निरीक्षक मनोज कुमार के मुताबिक अभियान के दौरान 16 ठेले, नौ गुमटी, आठ शेड, दो काउंटर, दो तख्त आदि सामान जब्त कर निगम के स्टोर में जमा कराया गया। इस दौरान कई लोग अपनी गुमटी और ठेले लेकर भाग निकले। कार्रवाई में दारागंज, जार्जटाउन थाने की पुलिस और पीएसी के जवान मौजूद रहे।