तीन फरवरी के अमृत स्नान को हर हाल में सफल बनाना है
मुख्यमंत्री ने कहा कि बसंत पंचमी के दिन सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त होनी चाहिए। बसंत पंचमी को लेकर अभी एक दिन का समय है, सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर विभागीय और अंतर्जनपदीय समन्वय बनाकर आयोजन को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि तीन फरवरी के अमृत स्नान को हर हाल में सफल बनाना है। सीएम ने कहा कि जिन जगहों पर भी बैरियर लगाए जाएं, उन्हें मजबूती से स्थापित किया जाए। साइनेज को ऊंचाई पर स्थापित करें और वहां प्रकाश की उचित व्यवस्था भी सुनिश्चित करें। सैटेलाइट फोन के उपयोग पर भी उन्होंने जोर दिया। इसके अतिरिक्त सीएम ने संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने पांटून पुलों को सिस्टमैटिक तरीके से ऑपरेट करने के निर्देश दिए।
रेलवे ने बहुत अच्छा काम किया
रेलवे की व्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने संतोष जताया। उन्होंने कहा कि रेलवे ने बहुत अच्छा काम किया है। स्टेशनों पर अच्छी व्यवस्था की गई, जिसका लाभ यात्रियों को मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन फरवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल से काफी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। इसे देखते हुए व्यवस्थाएं की जाएं। प्रयाग जंक्शन आईईआरटी फ्लाईओवर से लोगों का आवागमन नहीं होना चाहिए। उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि बसंत पंचमी की तैयारी बेहतर कोऑर्डिनेशन के साथ किया जाना आवश्यक है। लोगों का मूवमेंट फ्रीक्वेंट होना चाहिए। बैरीकेडिंग जहां आवश्यक हो वहां लगाएं। भीड़ के प्रवाह को रोकें नहीं, बल्कि उन्हें बड़े स्पेस में ले जाकर डायवर्ट करें।
स्ट्रीट वेंडर्स सड़क पर न दिखाई दें
मुख्यमंत्री ने झूंसी क्षेत्र के आसपास रहने वाले संदिग्ध लोगों के पुलिस वेरिफिकेशन पर भी जोर दिया। सीएम ने कहा कि अतिक्रमण भी दुर्घटना का कारण बनता है। ऐसे में स्ट्रीट वेंडर्स सड़क पर न दिखाई दें, उन्हें उत्तर साइड में स्थान दें। मार्गों पर नियमित रूप से पुलिस की पेट्रोलिंग की जाए, क्रेन्स और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने स्वच्छता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता हमारी पहचान है। नदियों के किनारे कूड़ा न दिखाई दे। बड़ी संख्या में लोग अपने कपड़े, फूल और अन्य तमाम चीजें नदियों में प्रवाहित करते हैं। उन्हें तत्काल साफ करें। मेला क्षेत्र में सड़कों पर धूल न उड़े, इसके लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव होगा। सभी टॉयलेट भी साफ सुथरे होने चाहिए।
प्रेशर पॉइंट्स पर विशेष ध्यान दिया जाए
मुख्यमंत्री ने प्रेशर पॉइंट्स पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने निर्देश दिया कि इन क्षेत्रों में अनुभवी और सक्षम अफसरों की तैनाती की जाए। साथ ही, पांटून पुल पर एक विशेष टीम हमेशा तैनात रहे, ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके। इसके अलावा चेकर्ड प्लेटों को समय-समय पर जांच कर आवश्यकता पड़ने पर बदला जाए।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए परिवहन निगम और मेला प्रशासन के बीच समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सभी मार्गों को सुगम और भीड़ मुक्त बनाए रखने के लिए एडीजी जोन को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अफवाहों पर नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ नगर में काम करने वाली हर टीम की जिम्मेदारी तय की जाए और वैकल्पिक कर्मचारियों की व्यवस्था भी की जाए।