फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम बोले, शाहपुर नेवादा के प्रधान ने कायम की मिसाल, बनवाएंगे आदर्श ग्राम पंचायत

Tue, 20 Oct 2020 10:13 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
होलागढ़ के शाहपुर नेवादा गांव के प्रधान और ग्रामीणों के लिए सोमवार का दिन बेहद खास रहा, क्योंकि इस दिन उनके काम को प्रदेश के मुखिया से सम्मान मिला। गांव के पंचायत भवन को पूरे प्रदेश में मॉडल के तौर पर पहले ही चुना जा चुका है, सोमवार को ऑनलाइन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधान सुमंत लाल तिवारी से बात भी की। मुख्यमंत्री ने सुमंत लाल के काम की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यों से दूसरे ग्राम प्रधानों के लिए मिसाल पेश की है। मुख्यमंत्री ने सुमंत को आगे भी अच्छे काम के लिए प्रोत्साहित किया, ताकि नेवादा को आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में स्थापित किया जा सके। इसके लिए उन्होंने डीएम को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन कार्यक्रम में पूरे प्रदेश के 18847 सामुदायिक शौचालयों और 377 पंचायत भवनों का लोकार्पण किया। इसी के साथ उन्होंने प्रस्तावित पंचायत भवनों का शिलान्यास किया। इसका यहां कलक्ट्रेट परिसर स्थित एनआईसी में सीधा प्रसारण किया गया। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री ने सुमंत लाल के अलावा अलीगढ़, गोरखपुर, ललितपुर और मिर्जापुर के एक-एक ग्राम प्रधानों से बात की। नेवादा के प्रधान सुमंत लाल से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव में बने भव्य एवं आकर्षक ग्राम पंचायत भवन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पंचायत भवन में ही सभी तरह की सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। ग्रामीणों को किसी भी काम के लिए तहसील न जाना पड़े। 

मुख्यमंत्री ने सुमंत से कहा कि आपका यह कार्य दूसरों के लिए एक उदाहरण है। इसी प्रकार कार्य करते रहेेंगे तो नेवादा को एक मानक ग्राम पंचायत के रूप में विकसित कर सकते हैं। जिला प्रशासन के साथ मिलकर इस उद्देश्य के लिए आगे बढ़ें। इसी क्रम में प्रधान सुमंत लाल ने पंचायत भवन निर्माण के बारे में जानकारी दी। साथ ही भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में नेवादा आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में पहचान बनाएगा। इस अवसर पर सांसद केशरी देवी पटेल, विधायक नीलम करवरिया, राजमणि कौल, मंडलायुक्त आर.रमेश कुमार, डीएम भानु चंद्र गोस्वामी, सीडीओ आशीष कुमार, डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

ओएफसी से जुड़ेगा पंचायत भवन, मिलेंगे सभी प्रमाण पत्र

नेवादा ग्राम पंचायत भवन ऑप्टिकल फाइबर केबल से जुड़ेगा। ताकि इंटरनेट नेटवर्क की कोई समस्या न होने पाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि लोगों को निवास, जाति, आय समेत अन्य प्रमाण पत्र मिलने की व्यवस्था पंचायत भवन में ही उपलब्ध कराई जाए। गांव में ही महिला बैंकिंग करेस्पांडेंट की नियुक्ति तथा आवश्यक सेवाओं की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत भवन को ग्राम सचिवालय के रूप में विकसित करने की बात कही। इसके लिए उन्होंने अफसरों को आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा।

1.28 अरब से बनेंगे 801 नए पंचायत भवन

मुख्यमंत्री ने जिले में नव निर्मित 1151 सामुदायिक शौचालय (पिंक टॉयलेट) का लोकार्पण किया। इनके निर्माण में 40 करोड़ 28 लाख 50 हजार रुपये खर्च हुए हैं। इसके अलावा 3.48 करोड़ से बने 20 पंचायत भवन का भी लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने 801 पंचायत भवनों का शिलान्यास भी किया। इन पंचायत भवनों के निर्माण में कुल एक अरब 28 करोड़ 16 लाख रुपये खर्च होंगे।

मैं क्या बोलता, पहली बार बोलना था ... वह भी मुख्यमंत्री के सामने

नेवादा के प्रधान सुमंत लाल के लिए सोमवार का दिन काफी उत्साह बढ़ाने और भावुक करने वाला रहा। कार्यक्रम से निकलने के बाद सुमंत का कहना था,‘मैं क्या बोल पाता..., पहली बार किसी इतने बड़े मंच पर बोलने का मौका मिला वह भी मुख्यमंत्री के सामने। पहली बार चुनाव लड़ा और जीत गया। इसलिए ऐसे स्थानों पर बोलने की आदत नहीं है। ऐसे में मुख्यमंत्री के सामने क्या बोलता।’
विज्ञापन


 मुख्यमंत्री के सवाल पर सुमंत ने बताया, पहले एक पंचायत भवन के निर्माण की इच्छा थी। इसके लिए जमीन पहले से तय थी, जो शासन की गाइडलाइन के अनुसार है। इतना बड़ा भूखंड मिलने के बाद जिले में सबसे अच्छा पंचायत भवन बनाए जाने का संकल्प लिया गया, जो पूरे प्रदेश में मॉडल बन गया।

प्रधान ने बताया कि इसमें सात कक्ष, एक हॉल, ग्राम सचिव और प्रधान के कक्ष तथा महिला और पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय हैं। भवन निर्माण में 17.46 लाख रुपये खर्च हुए। इसके अलावा मनरेगा के तहत इंटरलॉकिंग कराई गई। विद्युत समेत अन्य विभागों की ओर से टाइल्स बिछाने समेत अन्य काम कराए गए। इस तरह से पंचायत भवन के निर्माण में कुल 32 लाख रुपये खर्च हुए। अब भी करीब 10 फीसदी काम शेष है। उसे भी जल्द पूरा किया जाएगा।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें