परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद डिप्टी सीएम केशव और महापौर गणेश केसरवानी।
- फोटो : अमर उजाला।
करोड़ों रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बृहस्पतिवार को परेड मैदान में ग्राम विकास से संबंधित 342 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन पर 41.8 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिनमें सड़क, आवास समेत अनेक निर्माण कार्य शामिल हैं।
ग्राम्य विकास से संबंधित सभी योजनाओं पर आधारित ग्राम्या नाम पुस्तक का भी उप मुख्यमंत्री ने भी विमोचन किया। 14 हजार लाभार्थियों के आवास तैयार हो गए हैं। इन्हें आवास की चाबी सौंपी गई। उप मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से 50 लाभार्थियों को मंच पर चाबी सौंपी। इसके अलावा बीसी सखी समेत अन्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं 33 महिलाओं को भी सम्मानित किया। साथ ही समूहों के खाते में अलग-अलग योजना के अंतर्गत पैसा ट्रांसफर किया। इस मौके पर अच्छा काम करने वाले ग्राम प्रधान एवं सचिव भी सम्मानित किए गए।
कार्यक्रम में करीब 15 हजार लाभार्थियों तथा अन्य लोग शामिल हुए। भीषण गर्मी में आयोजित इस कार्यक्रम के मद्देनजर पर्याप्त तैयारियां पंडाल में की गई थी। गर्मी से बचाव के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। जर्मन हैंगर से पंडाल बनाया गया था। कूलर, मिस्ट फैन आदि लगाए गए थे। ऐहतियात के तौर पर चिकित्सकों की टीम भी मौके पर तैनात रही। इसके पूर्व एयरपोर्ट पहुंचने पर डिप्टी सीएम का महापौर गणेश केसरवानी, अवधेशचंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं के साथ स्वागत किया।