यमुना नदी में फ्लोटिंग रेस्टूरेंट का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करते सीए योगी।
- फोटो : अमर उजाला।
यमुना की लहरों पर स्वाद के शौकीनों के लिए हिलोरे खाते रेस्टोरेंट की सौगात बुधवार को मिल गई। संगम नगरी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना बैंक रोड पर पर्यटन विभाग की तरफ से तैयार कराए गए फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कुछ बोट को हरी झंडी भी दिखाई। इसके साथ ही शहरियों को प्रदेश का पहला फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की सौगात मिल गई। नए साल के दिन फ्लोटिंग रेस्टोरेंट पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
पर्यटन विभाग की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में महाकुंभ से पहले शहर को फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की सौगात देना था। इसके लिए पर्यटन विभाग की तरफ से लंबे समय से तैयारी चल रही थी। बुधवार को प्रयागराज पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने धार्मिक स्थलों पर पूजन किया। इसके बाद उनका काफिला यमुना बैंक रोड स्थित बोट क्लब पहुंचा। इसके पास पर्यटन विभाग की तरफ से तैयार कराए गए फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का सीएम ने उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ मंत्री जितिन प्रसाद, स्वतंत्रदेव सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, महापौर गणेश केसरवानी, भाजपा नेता विजय द्विवेदी, प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम समेत अन्य लोग मौजूद रहे।