शहर में लगातार हो रही बारिश ने गर्मी से छुटकारा तो दिलाया लेकिन नाले ओवर फ्लो करा दिए। करीब नौ मार्गों पर पेड़ व उनकी डालियां टूटकर गिर गईं। इसके अलावा शहर करीब 30 इलाकों व प्रमुख मार्गों में जलभराव हो गया। पानी निकालने के लिए एक दर्जन से अधिक पंप लगाने पड़े।
बुधवार की सुबह करीब तीन घंटे तक बारिश हुई। इस वजह से नाले ओवर फ्लो हो गए। जल निकासी की रफ्तार धीमी होने से अल्लापुर बाघम्बरी, जानसेनगंज, बाई का बाग, जाफरी कॉलोनी, कीडगंज समेत कई मोहल्लों में घुटने तक पानी भर गया।
नाले का पानी लोगों के घरों में घुस गया। इस बीच जॉर्जटाउन, सिविल लाइंस थाने व महिला थाने के सामने पानी भरने से शिकायतकर्ता परेशान रहे। वह गंदे पानी के बीच से आवागमन करते रहे।
दूसरी तरफ बाई का बाग, जॉनसेनगंज व कीडगंज में जलभराव से गड्ढे में गिरकर करीब 14 लोग घायल हो गए। जलभराव की समस्या को देखते हुए हिम्मतगंज, नया यमुना पुल चौराहा, कीडगंज सहित कई इलाकों में जेटिंग मशीन लगाई गई।
बारिश से नौ स्थानों पर पेड़ व डालियां टूटकर गिर गईं। पत्रिका मार्ग व एजी ऑफिस के पास पेड़ गिरने से आवागमन ठप हो गया। नगर निगम की टीम ने पेड़ को मार्ग से हटाया। वहीं, राजापुर, मीरापुर, अल्लापुर में भी पेड़ गिरे हैं।
आज भी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को भी भारी बारिश के आसार जताए हैं। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिलने के संभावना है। मौसम विभाग ने 11 अगस्त तक बारिश का अनुमान जताया है।
बृहस्पतिवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश के आसार हैं। दोपहर में धूप-छांव का अनुमान है। - डॉ. शैलेष राय, मौसम विशेषज्ञ, इलाहाबाद विश्वविद्यालय। संवाद