65 शिक्षकों के वेतन भुगतान का रास्ता साफ, हलफनामा लेकर परिषदीय शिक्षकों का वेतन देने का आदेश
प्रयागराज। परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में तैनात जिले के 65 शिक्षकों को नए साल का तोहफा मिला है। अभिलेखों का सत्यापन न होने की स्थिति में शिक्षकों से 100 रुपये के स्टांप पर हलफनामा लेकर उन्हें वेतन करने के आदेश जारी किए गए हैं। इस बाबत बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने खंड शिक्षाधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में 69 हजार शिक्षक भर्ती की तीसरी सूची में चयनित जिले के 65 शिक्षकों को जल्द ही वेतन का भुगतान होगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निर्देश जारी किए हैं कि जिन शिक्षकों के हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, बीटीसी, बीएड, टीईटी, सीटीईटी का सत्यापन नहीं हुआ है, उनसे हलफनामा लेकर वेतन भुगतान की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। तृतीय सूची के चयनित 6696 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग जून के अंतिम सप्ताह में आयोजित की गई थी। प्रयागराज में 23 जुलाई को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया था, जिसके बाद शिक्षकों को तैनाती मिल गई थी। इन शिक्षकों के शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन न होने के कारण वेतन का भुगतान अटका हुआ था।
अध्यक्ष पद पर अनिल और सुरेश आमने-सामने
प्रयागराज। यूपी बोर्ड कर्णिक संघ के चुनाव में प्रांतीय अध्यक्ष के पद पर अनिल कुमार राय और सुरेश आमने-सामने होंगे। चुनाव के लिए विभिन्न पदों पर प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। प्रांतीय महामंत्री के पद पर तीन प्रत्याशियों ने दावेदारी की है, जिनमें आशीष कुमार त्रिपाठी, गोपाल दास खरवार एवं विवेक कुमार वर्मा शामिल हैं। मतदान 10 जनवरी को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक और मतगणना 11 जनवरी को सुबह 11 बजे से होगी।
कोषाध्यक्ष पद पर सत्यम अग्रवाल निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। उपाध्यक्ष पद के लिए अजय कुमार, जितेंद्र कुमार, रमेश चंद्र शुभम ने नामांकन किया है। वहीं, मंत्री पद के लिए अभिषेक त्रिपाठी, प्रतीक्षा श्रीवास्तव एवं सैयद राशिद हुसैन नकवी ने दावेदारी की है। संयुक्त मंत्री पद के लिए जंग बहादुर, नीतू देवी, सौरभ यादव एवं शिवम त्रिपाठी चुनावी मैदान में हैं। कार्यकारिणी सदस्य के लिए युवराज वर्मा, हरिओम मौर्य, मधु कपाड़िया, धीरेंद्र कुमार, राजेश कुमार पाल, खुशबू केशरवानी, वैशाली साहू, प्रिया कुमारी, सरिता देवी, आरती पटेल, सरजील अहमद, सुनील कुमार पटेल, शैलेन्द्र सिंह, प्रदीप कुमार यादव एवं विशाल यादव निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
महाविद्यालयों के शिक्षकों को जल्द मिलेगा प्रमोशन
प्रयागराज। प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों एवं अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत शिक्षकोें को यूजीसी के नियमों के तहत जल्द ही प्रोफेसर के पद पर प्रोन्नति प्रदान की जाएगी। इस बाबत उत्तर प्रदेश शासन के सचिव शमीम अहमद खान ने उच्च शिक्षा निदेशक को पत्र जारी कर कहा है कि कॅरियर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस) के तहत प्रोन्नति की प्रक्रिया 15 जनवरी तक पूरी करनी है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक महाविद्यालय में प्रोन्नति के लिए कितने आवेदन प्राप्त हुए हैं और आवेदनों पर क्या कार्यवाही हुई है, इसकी सूचना हर हाल में 15 जनवरी तक शासन को उपलब्ध करा दी जाए। साथ ही महाविद्यालयों में छानबीन-सह-मूल्यांकन समिति गठित करने के लिए उच्च शिक्षा निदेशक स्तरसे जो दिशा-निर्देश जारी किए गए थे, उसकी रिपोर्ट भी शासन को उपलब्ध कराई जाए।
दरोगा भर्ती की सीबीआई जांच के लिए प्रदर्शन आज
प्रयागराज। नए साल के जश्न के बीच दरोगा भती के अभ्यर्थी आंदोलन की रणनीति बनाने में व्यस्त रहे। अभ्यर्थी दरोगा भर्ती में घोटाले का धांधली का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं और इस मुद्दे पर रविवार को बालसन चौराहे पर युवा मंच के बैनर तले प्रदर्शन किया जाएगा। शनिवार को प्रतियोगी छात्रों ने जनसंपर्क किया और सोशल मीडिया पर अभियान चलाकर अभ्यर्थियों से धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की। इस मौके पर अनिल सिंह, विजय पांडेय, राहुल सिंह, ओम प्रकाश सिंह, बादल ओझा, विपिन चौधरी, रत्नेश आदि मौजूद रहे।
नए साल में भी छात्रसंघ के लिए आंदोलन जारी
प्रयागराज। छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर नए साल के पहले दिन शनिवार को भी इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रों का आंदोलन जारी रहा यह आंदोलन 529 दिनों से चल रहा है। आंदोलन में शामिल छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय के सभी छात्रों और शिक्षकों को नए साल की बधाई दी। इस मौके पर छात्र नेता अजया यादव सम्राट, संदीप विश्वकर्मा, नवनीत यादव, राहुल पटेल, अभिषेक यादव, रोहित यादव, शिव शंकर सरोज, ललित सिंह, नितिन कुमार, अमित कुमार आदि मौजूद रहे।