शहर के फुटवियर किंग के नाम से मशहूर कारोबारी सरदार परमजीत सिंह उर्फ मंगू सरदार के खिलाफ आयकर विभाग की टीम ने शुक्रवार को छापेमारी की। आयकर विभाग की टीम ने लक्ष्मण मार्केट और मानसरोवर पेट्रोल पंप के पास स्थित दो दुकानों और शिवचरण दास कन्हैयालाल रोड स्थित गोदाम पर छापा मारा है। दावा किया जा रहा है कि देर रात तक जारी जांच के दौरान करोड़ों रुपये की अघोषित आय का पता चला है। चर्चा है कि महाराजा फुटवियर के नाम से फर्म चलाने वाले मंगू सरदार का रियल स्टेट में भी बड़ा निवेश है। इसी इनपुट के आधार पर आयकर विभाग ने जांच का कार्य शुरू किया है। उधर, विभागीय अफसरों का दावा है कि यह सर्वे की कार्रवाई है यानी सिर्फ कारोबारी स्थल तक ही जांच का दायरा सिमटा हुआ है।
बताते हैं कि आयकर विभाग ने सुबह ही छापेमारी की तैयारी की थी लेकिन कई वीआईपी के होने के कारण सुरक्षा के इंतजाम ही नहीं हो सके। पुलिस बल उपलब्ध होने पर अपराह्न करीब तीन बजे से छापे की कार्रवाई शुरू की गई। अचानक आयकर विभाग की टीमों के पहुंचने की जानकारी फैलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार शटर गिराकर भाग खड़े हुए। फिलहाल, जांच टीम ने पहुंचते ही दुकान का बही खाता और कंप्यूटर कब्जे में कर लिया। इसमें स्टॉक, खरीद और बिक्री से जुड़े रिकार्ड की जांच शुरू की गई। कार्रवाई सुबह तक चलने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक रिटर्न और खरीद व बिक्री के रिकार्ड में काफी फर्क है। बताते हैं कि आयकर विभाग को मंगू सरदार के रियल स्टेट कारोबार से जुड़ी कुछ ऐसी पुख्ता सूचनाएं मिली हैं जो रिटर्न के रिकार्ड में नहीं हैं। आयकर अफसरों के मुताबिक इलाहाबाद के फुटवियर कारोबार में मंगू सरदार का एकछत्र राज माना जाता रहा है।