रामबाग स्थित फ्लैट में 35 वर्षीय प्रेमिका संगीता की हत्या में मंगलवार को कैंसर सर्जन डॉ. दीपकेंदु मित्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। घटना के ढाई महीने बाद यह कार्रवाई की गई। मृतका फ्लैट अपने नाम करने का दबाव बनाने के साथ उसके अवैध रिश्तों का भी विरोध कर रही थी। इसी को लेकर सर्जन ने अपने एक करीबी से वारदात को अंजाम दिलवाया। सर्जन कमला नेहरू अस्पताल से रिटायर है और प्रीतम नगर का रहने वाला है। पिछले साल 24 नवंबर को उसके रामबाग में देवड़ा सदन स्थित फ्लैट में महिला की निर्वस्त्र लाश मिली थी। मौके पर पूछताछ में उसने सिर्फ इतना बताया कि मृतका उसके फ्लैट की देखरेख करती थी। बाद में जांच में यह बात सामने आई कि मृतका डॉक्टर की प्रेमिका थी जो पिछले कई वर्षों से उनके फ्लैट में रह रही थी। आखिरकार मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसीपी कोतवाली सत्येंद्र प्रसाद तिवारी ने बताया कि विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों से सर्जन की हत्या में संलिप्तता की बात सामने आई। जिस पर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। फ्लैट अपने नाम करने की जिद पर भी अड़ी थी पुलिस के मुताबिक, सर्जन 2006 से मृतका के संपर्क में था जो पहले उसके प्रीतम नगर स्थित घर पर काम करती थी। इसी दौरान दोनों में निकटता बढ़ी। मृतका की शादी भी हुई लेकिन वह पति को छोड़कर चली आई। फिर कुछ समय बाद सर्जन के फ्लैट में रहने लगी। महिला शादी करना चाहती थी, लेकिन सर्जन ने पत्नी के रहते ऐसा करने से इंकार कर दिया था। 2017 में पत्नी की मौत के बाद जब महिला ने दोबारा दबाव बनाया तो भी सर्जन ने उसे चुप करा दिया। महिला को लगा कि सर्जन उसे धोखा दे रहा है, जिसके बाद वह फ्लैट अपने नाम करने का दबाव बनाने लगी। ऐसा न करने पर उसके व अपने रिश्ते के बारे में सबको बताने व कानूनी कार्रवाई करने की धमकी देने लगी। आरोप है कि इसी से परेशान होकर सर्जन ने उसकी हत्या करा दी। कातिल बताएगा, कैसे की वारदात पुलिस का कहना है कि सर्जन ने हत्या कराने की बात कबूली है। यह भी बताया है कि वारदात 14 नवंबर की रात हुई और वह कुछ देर पहले तक फ्लैट में ही था। उस रात वह प्लानिंग से अपने करीबी के साथ फ्लैट में पहुंचा था। इसी दौरान प्रेमिका फिर विवाद करने लगी। जिसके बाद वह दोनों को छोड़कर बाहर चला आया। इसके बाद उस करीबी ने ही वारदात को अंजाम दिया। 24 को पड़ोसी ने फ्लैट से दुर्गंध उठने की सूचना दी तो भी उसने सबसे पहले उसी करीबी को मौके पर भेजा। पुलिस का कहना है कि कातिल के पकड़े जाने पर ही पता चलेगा कि उसने वारदात को कैसे अंजाम दिया। बता दें कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, गला दबाकर महिला की हत्या की गई थी।