भ्रष्टाचार तथा सेवा नियमावली के उल्लंघन के आरोप में उरुवा के बाल विकास परियोजना अधिकारी स्मृति कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार निदेशक ने बृहस्पतिवार को आदेश जारी किया। स्मृति सिंह को निलंबन के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) जौनपुर से संबद्ध किया गया है। जांच भी जौनपुर के डीपीओ को दी गई है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज राव ने छह सितंबर को मेजा में स्मृति कुमार सिंह के खिलाफ मुकदमा लिखा था। स्मृति पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप है। सीओ की जांच में भी प्रथम दृष्टतया आरोपी को भ्रष्टाचार का दोषी पाया गया। इसके अलावा डीएम ने भी सेवा नियमावली का उल्लंघन का दोषी पाते हुए स्मृति के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की थी।
इस आधार पर निदेशक ने आरोपी बाल विकास परियोजना अधिकारी को निलंबित कर दिया है। एफआईआर लिखाए जाने के बाद से ही आरोपी अधिकारी के फरार होने की बात कही जा रही है। दिए पते पर पुलिस कई बार गई लेकिन आरोपी नहीं मिला।
अब गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है। वहीं जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज राव ने बताया कि निलंबन का आदेश मिल गया है। इसी क्रम में आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।