सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेजा का दो दिन पहले बिजली ट्रांसफॉर्मर फुंक गया था। जो मंगलवार तक दुरुस्त नहीं सका। वहीं, सीएचसी में रखा जनरेटर भी बंद पड़ा है। जिससे मरीजों को गर्मी में बेहाल होना पड़ रहा है। वहीं, सोमवार की रात में मोबाइल की रोशनी में मरीजों का इलाज हुआ।
सोमवार की रात तीमारदार ने कहा कि बरसैता निवासी डायरिया से पीड़ित मरीज शाहीन बेगम का मोबाइल से रोशनी में इलाज किया गया। इसके अलावा वार्ड में भर्ती एक दर्जन से अधिक मरीज बिजली न आने से बेहाल हैं। इस दौरान उन्हें पानी की भी समस्या से जूझना पड़ रहा है।
वहीं, मेड़रा की मीना देवी, मेजिया की निर्मला देवी, सिलैधी की अनीता, खौर की अंजली, बरहा की सुषमा, भड़ेवरा की साधना अस्पताल में भर्ती हैं। सभी मरीज बिजली न होने से बेहाल हैं।
...................
इलाज कराने पहुंचे 390 मरीज, खांसी और बुखार के मरीज अधिक
सीएचसी मेजा में सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। मंगलवार को 390 मरीज ओपीडी में इलाज कराने पहुंचे। चिकित्सक डॉ. बबलू सोनकर और डॉ. शाश्वत ने बताया कि मौसम में हुए बदलाव की वजह से सर्दी, जुकाम और बुखार जैसी बीमारी से लोग पीड़ित हो रहे हैं। चिकित्सकों ने खुले आसमान के नीचे लोगों को न सोने की सलाह दी है। वहीं, सीएचसी में इलाज कराने कोंहड़ार से आईं रघुवंती देवी ने बताया कि शरीर में ऐंठन के बाद सर्दी-जुकाम के साथ बुखार हो गया।
......................
सीएचसी अधीक्षक ने अलग ट्रांसफॉर्मर लगाने के लिए सीएमओ को लिखा पत्र
सीएचसी अधीक्षक डॉ. शमीम अख्तर ने सीएमओ को पत्र लिखकर सीएचसी परिसर में अलग से बिजली ट्रांसफॉर्मर लगाए जाने की मांग की है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि सीएचसी के बाहर लगा 100 केवीए का ट्रांसफॉर्मर सार्वजनिक है। लोड अधिक होने से आए दिन ट्रांसफॉर्मर फुंक जाता है। जिससे एक्सरे और अन्य जांच नहीं हो पाती है।
बोले अफसर
ट्रांसफॉर्मर फुंकने से बिजली समस्या उत्पन्न हुई है। फिलहाल जनरेटर चलाकर मरीजों के लिए पंखे आदि की व्यवस्था की गई है। दो दिन से लगातार जनरेटर चलाया जा रहा है। कुछ देर के लिए जनरेटर इसलिए बंद कर दिया जा रहा है कि जनरेटर खराब न हो जाए। - डॉ. शमीम अख्तर अधीक्षक सीएचसी मेजा।
......................
सीएचसी मेजा का फुंका ट्रांसफॉर्मर जल्द ही बदल दिया जाएगा। मंगलवार देर शाम तक बाधित बिजली व्यवस्था बहाल होने की उम्मीद है। - सुरजीत कुमार एसडीओ मेजा।