इलाहाबाद(ब्यूरो)। शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में एक बालसन चौराहे की सूरत बदलने वाली है। चौराहे का सुंदरीकरण कराया जाएगा। साथ ही डिजाइन में कुछ संशोधन करते हुए ट्रैफिक संचालन को और सुगम बनाने का प्रयास किया जाएगा। कमिश्नर राजन शुक्ला ने शनिवार को चौराहे का निरीक्षण किया और वहां मौजूद इलाहाबाद विकास प्राधिकरण (एडीए) के अफसरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बालसन चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लगा होने के बावजूद वहां अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। इसकी प्रमुख वजह चौराहे की डिजाइन है। कमिश्नर राजन शुक्ला शनिवार को बालसन चौराहे पर स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे और एडीए उपाध्यक्ष एसके सिंह को चौराहे के सुंदरीकरण के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने चौराहे के सुंदरीकरण के लिए विद्युत और टेलीफोन के तारों को भूमिगत किए जाने के निर्देश दिए।
चौराहे के आसपास स्थित पेड़ों की छंटाई कराने के लिए भी कहा। चौराहे के पास स्थित नाले की सफाई कराने और उसे ढकने के निर्देश दिए। एडीए के मुख्य अभियंता आरएन सिंह को निर्देश दिए कि चौराहों की डिजाइन भी संशोधित की जाए ताकि ट्रैफिक का संचालन सुगमता से हो सके। कमिश्नर ने बताया कि चौराहे और उसके आसपास लगी प्रतिमाओं से कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। प्रतिमाएं अपनी जगह लगी रहेंगी, सिर्फ चौराहे की डिजाइन में बदलाव किए जाने की योजना है।