फायदा उठाने की फिराक में कई बिजनेस पार्टनर
अतीक-अशरफ की हत्या के बाद उसका परिवार पूरी तरह बिखर चुका है, बर्बाद भी हो चुका लगता है। गर्दिश के मौजूदा दिनों का फायदा उठाने की फिराक में कई बिजनेस पार्टनर हैं। इनमें से कुछ कारोबारी एसटीएफ और ईडी के पास भी सूचीबद्ध हैं।
रियल एस्टेट कारोबार डूबने की कगार पर
अतीक की काली कमाई का बड़ा हिस्सा रियल एस्टेट के कारोबार में लगा हुआ है। दो दर्जन से अधिक फर्में उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन और उसके सालों व करीबियों के नाम हैं। शहर के कई नामचीन बिल्डरों और कारोबारी समूहों के साथ भी अतीक साझीदार रहा है। दर्जन भर से अधिक बड़े बिल्डर प्रत्यक्ष रूप से उसके पार्टनर रहे हैं। इस बीच पहले असद का एनकाउंटर और बाद में अतीक-अशरफ की भी हत्या से उसका रियल एस्टेट कारोबार डूबने की कगार पर है।
अब न कोई हिसाब रखने वाला है, न मांगने वाला
वजह है कि कारोबार संभालने और हिसाब-किताब देखने में सक्षम अतीक की 50 हजार रुपये की इनामी बीवी शाइस्ता परवीन एसटीएफ के डर से छिपती फिर रही है। माफिया के दो जवान बेटे अली और उमर जेल में हैं। शेष दो नाबालिग बेटों को प्रशासन ने बाल गृह में रखा है। अब न कोई हिसाब रखने वाला है, न मांगने वाला। बिजनेस पार्टनरों पर माफिया के परिवार का दबाव भी खत्म हो गया लगता है। इसका अंदाजा यूपी में रियल एस्टेट कारोबार में दखल रखने वाले अतीक के करीबी व साझीदार बिल्डर से असद के हिसाब मांगने के वायरल ऑडियो से भी लगता है। यह ऑडियो एसटीएफ की जांच का हिस्सा भी है।