श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने शनिवार को परेड ग्राउंड में विश्व हिंदू परिषद के माघ मेला शिविर के लिए भूमि पूजन किया। पूजन बाद उन्होंने कहा कि विहिप धर्मांतरण रोकने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों गुजरात के जूनागढ़ में हुई राष्ट्रीय बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई। बैठक के माध्यम से मांग की गई कि धर्मांतरित जनजातियों को अनुसूचित जनजातियों की सूची से हटाया जाए। जरूरी हो तो संवैधानिक संशोधन भी हो। ऐसा इसलिए ताकि धर्मांतरण पर अंकुश लगे और जो लोग दोहरा लाभ ले रहे हैं उन्हें रोका जा सके।
भूमि पूजन के लिए अयोध्या से संगम नगरी पहुंचे चंपत राय ने भूमि पूजन के साथ ही काशी प्रांत के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की। बैठक के पहले सत्र में उन्होंने जूनागढ़ में हुई राष्ट्रीय बैठक में लिए गए निर्णयों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी संस्कार युक्त हो इसके लिए बाल संस्कार के कार्यक्रम चलाए जाने की जरूरत है। यह कार्यक्रम जल्द से जल्द शुरू किए जाएं।
बाल संस्कार कार्यक्रम आयोजित करेगा विहिप
इसके लिए विहिप काशी प्रात में 14, 15 एवं 16 जनवरी को बाल संस्कार संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विहिप प्रवक्ता अश्विनी मिश्र ने बताया कि भूमि पूजन और काशी प्रांत पदाधिकारियों की बैठक में भाग लेने के बाद चंपत राय रात में ही अयोध्या के लिए रवाना हो गए। अश्विनी मिश्र ने बताया कि काशी प्रांत पदाधिकारियों की बैठक रविवार को भी होगी। इसमें 19 जिलों कके 200 से ज्यादा पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं।
इस बैठक में प्रांत संगठन मंत्री मुकेश कुमार जूनागढ़ में लिए गए अन्य निर्णयों की जानकारी देंगे। इस अवसर पर शुभ नारायण सिंह, विमल प्रकाश, अजय गुप्ता, सुरेश अग्रवाल, रविंद्र मोहन गोयल, विनोद अग्रवाल, दिवाकर त्रिपाठी, महेंद्र मौर्य, सतेंद्र मणि शुक्ला, लालमणि तिवारी, अमित पाठक आदि मौजूद रहे।