उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग के नए अध्यक्ष
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
प्रदेश सरकार की ओर से उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष प्रभात मित्तल ने बृहस्पतिवार को पदभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष ने उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग में संसाधन, भवन आदि की व्यवस्था और फंसी शिक्षकों की भर्ती को लेकर निराशा जाहिर की। अध्यक्ष का पद ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष प्रभात मित्तल ने आयोग का भ्रमण करने के बाद कर्मचारियों एवं अधिकारियों से उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग की स्थिति, आईसीटी के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि वह आयोग की स्थिति का अध्ययन करने के बाद यहां की रिपोर्ट सरकार को देंगे।
आयोग में पदभार ग्रहण करने के बाद अमर उजाला से बातचीत में नवनियुक्त अध्यक्ष ने कहा कि आयोग की दशा सुधारने के बाद वह ठप पड़ी चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करेंगे। उन्होंने बताया कि अब उनकी नियुक्ति के बाद जल्द ही आयोग में खाली सदस्यों के पद भर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह सरकार से आयोग में खाली सचिव और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के पद भरने की बात करेंगे। जरूरत पड़ी तो वह बाहर से प्रतिनियुक्ति पर अधिकारियों की मांग करेंगे और आउट सोर्सिंग के जरिए भी बाहरी कर्मचारियों की सेवा भी लेंगे। प्रदेश में अशासकीय महाविद्यालयों में 2007 के बाद से ठप पड़ी असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती प्रक्रिया को गति देने के लिए वह सभी से सहयोग लेंगे।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई-लिखाई करने के बाद युवा नौकरी के लिए भटक रहा है, उसको सही दिशा देना उनका उद्देश्य होगा। उन्होंने आयोग की दशा सुधारने के लिए शिक्षाविदों एवं शिक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों का पूरा सहयोग लेने की बात कही। प्रभात मित्तल ने कहा कि पूर्व में जिन पदों पर नियुक्ति नहीं हो पाई है, उन सभी के बारे में जानकारी प्राप्त करने के बाद कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि कोर्ट में लंबित सभी मुकदमों की फाइल का अध्ययन करने के बाद वह आगे की कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व में जिन पदों के लिए परीक्षा हो चुकी है, उसके बारे में जानकारी लेकर मामले का निस्तारण करेंगे।
उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष प्रभात मित्तल 1972 से 1976 के बीच इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र रहे हैं। इविवि से बीएससी करने केबाद उन्होंने राजनीति विज्ञान से 1976 में एमए पूरा किया। वह सर पीसी बनर्जी छात्रावास के अंत:वासी रह चुके हैं। बिजनौर के मूल निवासी मित्तल 1978 में पीसीएस में चयनित हुए। उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग के चेयरमैन नियुक्त होने से पूर्व वह प्रमुख सचिव सचिवालय प्रशासन के पद पर तैनात रहे हैं। इससे पहले वह सूचना निदेशक उत्तर प्रदेश, यूपी इलेक्ट्रॉनिक के एमडी, मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं।