धूमनगंज में सामने आईं दो वारदातें, मुकदमा दर्ज
करेली में भी हुई मोबाइल छिनैती की वारदात
प्रयागराज। धूमनगंज में बाइकसवार लुटेरों ने आतंक मचा रखा है। सोमवार को भी छिनैती की दो वारदातें सामने आईं। पहली घटना में एयरफोर्सकर्मी की पत्नी से चेन व मंगलसूत्र व दूसरी घटना में छात्रा से दिनदहाड़े मोबाइल लूट लिया गया। उधर करेली में भी मोबाइल लूट का मामला आया। तीनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
पोंगहट पुल के पास रहने वाले धनंजय कुमार एयरफोर्स में सार्जेंट के पद पर तैनात हैं। वह पत्नी निक्की व छह साल के बेटे के साथ शकुंतला कुंज कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह निक्की पड़ोसी के घर पूजा में शामिल होने गई थीं। साथ में बेटा भी था। वहां से 11.30 बजे के करीब वह घर लौटने लगी। अभी वह दरवाजा खोल ही रही थी कि तभी वहां बाइकसवार दो युवक आ धमके। वह कुछ समझ पाती इससे पहले ही पीछे बैठे बदमाश ने उन्हेें धक्का दे दिया और फिर उनके गले से सोने की चेन व मंगलसूत्र छीनकर अपने साथी संग भाग निकला। निक्की ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए और फिर सूचना पर पुलिस पहुंची। खोजबीन की गई लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। धनंजय ने बताया कि घर के पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों की तस्वीर कैद हुई है। बाइक चला रहेबदमाश ने हेलमेट पहन रखा था जबकि पीछे बैठा उसका साथी टोपी लगाए हुए था। दोनों पल्सर बाइक पर सवार थे। धूमनगंज पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
घर लौटते वक्त बनाया शिकार
उधर, बीकॉम की छात्रा हर्षिता सिंह निवासी बुद्धविहार कॉलोनी देवघाट झलवा से दिनदहाड़े हुई मोबाइल लूट के मामले की रिपोर्ट भी दर्ज की गई। पिता मोहन सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि शंभूनाथ कॉलेज से घर आते वक्त दोपहर ढाई बजे के करीब काशीराम कॉलोनी के पास बाइक सवार दो व्यक्ति उनकी बेटी का मोबाइल छीनकर भाग निकले। पुलिस ने बताया कि लुटेरों की तलाश की जा रही है। वहीं, करेली के नई महबूबा पैलेस निवासी नदीम वारसी से भी मोबाइल लूट की वारदात हुई। पुलिस के मुताबिक, उन्होेंने बताया कि रात 12 बजे के करीब वह कहीं जा रहे थे। तभी महबूबा पैलेस के पास बदमाश उससे मोबाइल छीनकर भाग निकले। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।