CCTV footage shot suspect showing
- फोटो : CITY DESK
सीसीटीवी फुटेज में गोली चलाता दिखा संदिग्ध
आरोपी के घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई तस्वीर
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। भाजपा पार्षद पर हमले के मामले में शनिवार को एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया। इसमें एक संदिग्ध युवक हाथ में असलहे लेकर गोलियां चलाते दिख रहा है। युवक कौन था, इसका पता नहीं चल सका है। हालांकि पूछताछ के दौरान यह बात भी सामने आई कि हमले के बाद हुए पथराव के दौरान आरोपी महिला के घर के पास रहने वाले युवक ने अपने बचाव में फायरिंग की। पुलिस का कहना हैै कि जांच पड़ताल की जा रही है।
अब तक कि जांच में सामने आया है कि फुटेज पार्षद पर हमले की घटना के ठीक बाद का है। जिसमें सबसे पहले कुछ युवक गली में ईंट-पत्थर चलाते दिखते हैं। जिस पर वहां मौजूद सफेद रंग की शर्ट पहना हुआ युवक असलहे से फायरिंग करता है। युवक के फायरिंग करने पर ईंट-पत्थर चलाने वाले पीछे मुड़कर भागते हैं जिसके बाद वह पास ही स्थित सीढ़ियों पर चढ़कर गोलियां दागता है। 58 सेकंड के इस सीसीटीवी फुटेज में आरोपी महिला हिस्ट्रीशीटर की वह कार भी खड़ी दिखाई देती है जिसमें घटना के बाद तोड़फोड़ की गई। सूत्रों की मानें तो पूछताछ के दौरान पता चला कि पार्षद पर हमले के बाद कुछ लोगों ने ईंट-पत्थर चलाए जिसके जवाब में आरोपी महिला हिस्ट्रीशीटर के घर के पास मौजूद युवक ने फायरिंग की। हालांकि वह कौन था, इसका पता नहीं चल सका।
ऑपरेशन कर निकाली गई पसली के नीचे धंसी गोली
प्रयागराज। उधर अस्पताल में घायल पार्षद शिवकुमार का ऑपरेशन शुक्रवार देर रात किया गया। इस दौरान उनकी बाईं पसली के नीचे धंसी गोली को निकाला गया। जबकि दूसरी गोली उनकी बांह को चीरते हुए निकल गई थी। उधर दूसरे घायल मनीष के पैर में धंसी गोली भी ऑपरेशन कर निकाली गई। डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।