सावन के महीने में एक माह तक निकलने वाली कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन की नींद उड़ी हुई है। हाल के दिनों में हुई आतंकी घटनाओं और खुफिया विभाग की ओर से जारी अलर्ट के बाद पुलिस महक मा यात्रा के दौरान कोई कोताही नहीं बरतना चाहता। ऐसे में यात्रा के मार्ग में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस दौरान संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के लिए सादे ड्रेस में पुलिस के साथ एलआईयू और अन्य जांच एजेंसियों के लोग भी सक्रिय रहेंगे।
सावन माह के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु संगम से जल भरकर वाराणसी बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने जाते हैं। इन कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती रहती है। इस बात को लेकर इलाहाबाद, भदोही, मिर्जापुर वाराणसी पुलिस के अफसरों ने संयुक्त बैठक भी की। एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने बताया कि संगम से भदोही बार्डर इलाहाबाद के क्षेत्र में आता है। इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी सहायक पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। रास्ते में चार स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। संगम से हंडिया तक के रास्ते को 6 जोन, 15 सेक्टर में बांटा गया है। जोन प्रभारी सीओ होंगे, जबकि सेक्टर प्रभारी थाना प्रभारी होंगे। 12 मोबाइल पार्टी होंगी। पुलिस कर्मी दो पारियों में ड्यूटी करेंगे। 20 स्थानों पर पिकेट ड्यूटी रहेगी। सुरक्षा के लिए 350 अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। इसके अलावा पीएसी भी रहेगी। रास्ते में जगह-जगह एंबुलेंस भी तैनात रहेंगी।
जनपद में धारा-144 लागू कर दी गई है। इसके तहत डीजे लेकर चलना पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। एक मार्ग कांवड़ियों के लिए सुरक्षित कर जीटी रोड पर वन-वे लागू रहेगा। शनिवार 12 बजे से सोमवार 12 बजे तक जीरो ट्रैफिक रहेगा। वाहनों की रफ्तार 30 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है। हर तीस किमी पर जिगजैग लगाया गया है। इसके अलावा घाट पर 10 गोताखोर, चार मोटरबोट रहेगी। घाटों पर स्नान और जल भरने के लिए बैरीकेडिंग की गई है। शहर के प्रमुख शिव मंदिरों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरों के साथ पर्याप्त पुलिस बल मंदिर पर तैनात किए जाएंगे।
सावन मास में कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिले में मंगलवार रात से ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था लागू हो जाएगी। सुबह पांच बजे से रात 11 बजे तक भारी माल वाहक वाहन और ट्रकों पर प्रतिबंध रहेगा। रीवा से आने वाले वाहन घूरपुर गेट और गौहनिया, मिर्जापुर की तरफ से आने वाले वाहन रामपुर चौराहा, प्रतापगढ़ से आने वाले वाहन सोरांव बाईपास, जौनपुर से आने वाले वाहन सहसों, कानपुर से आने वाले वाहन बमरौली, वाराणसी से आने वाले वाहन हंडिया बाईपास फ्लाईओवर पर नोइंट्री प्वाइंट रहेगा।
इलाहाबाद से वाराणसी मार्ग वन-वे रहेगा। इलाहाबाद से हंडिया के मध्य उत्तर पटरी पर कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रहेगा, जबकि दक्षिणी पटरी छोटे वाहनों के आवागमन के लिए रहेगी। कानपुर से वाराणसी जाने वाले भारी वाहन कोखराज से सहसों बाईपास से फूलपुर, मुंगरा बादशाहपुर, जौनपुर होकर वाराणसी जाएंगे। रीवा, मिर्जापुर से लखनऊ जाने वाले वाहन रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक जीटी जवाहर, लोकेसेवा आयोग, तेलियरगंज, फाफामऊ, मलाक हरहर होकर जाएंगे और वापसी का मार्ग भी यही रहेगा। रीवा, मिर्जापुर से कानपुर जाने वाले वाहन रात में जीटी जवाहर, लोकसेवा आयोग, धूमनगंज होते हुए जाएंगे और वापस आएंगे।
लखनऊ से वाराणसी जाने वाले वाहन सहसों बाईपास से फूलपुर, मुंगरा बादशाहपुर, जौनपुर होते हुए वाराणसी जाएंगे और वापसी भी इसी मार्ग होगी। मनकामेश्वर मंदिर में आने वाले भीड़ को देखते हुए बैरहना चौराहा से मिंटो पार्क जाने वाले वाहनों को नए यमुना पुल की तरफ से मोड़ दिया जाएगा। इसी प्रकार पुराने यमुना पुल से मिंटो पार्क जाने वाले वाहनों को बलुआघाट मुट्ठीगंज की तरफ मोड़ा जाएगा। नोइंट्री पास शुदा वाहनों का शहर क्षेत्र में और कांवड़ मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।