प्रयागराज। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं बोर्ड परीक्षा 2021 के प्रश्नपत्र के पैटर्न में कई बदलाव किए हैं। दसवीं गणित में छात्रों से पूछे जाने वाले बहुविकल्पीय सवाल (एमसीक्यू) अब नहीं पूछे जाएंगे। विद्यार्थियों को अब एक अंक के सवाल का जवाब कम शब्दों में देना होगा। विज्ञान में दो अंक के प्रश्नों को हटा दिया गया है। अब केवल एक, तीन और पांच अंक के सवाल पूछे जाएंगे। सामाजिक विज्ञान में बहुविकल्पीय प्रश्नों की जगह अब छोटे सवाल पूछने का फैसला लिया गया है।
सीबीएसई ने इससे पहले इंटरमीडिएट की परीक्षा के पैटर्न में बदलाव किया था, अब बोर्ड की ओर से यह बदलाव कोविड-19 में छात्रों की तैयारी ठीक से नहीं होने के कारण किया गया है। छोटे प्रश्नों की संख्या भी 20 से कम करके 16 कर दी गई है। विज्ञान में छह प्रश्न बढ़ाए गए हैं तो गणित में चार प्रश्न कम पूछे जाएंगे। पहली बार बोर्ड ने 12वीं के परीक्षा पैटर्न जैसा 10वीं का प्रश्नपत्र बनाया है। इससे गणित पढ़ने वाले छात्रों को बारहवीं में आसानी होगी। सीएवी इंटर कॉलेज के गणित शिक्षक संजय सिंह का कहना है कि पहली बार 10वीं और 12वीं का परीक्षा पैटर्न एक जैसा होगा। उन्होंने बताया कि दसवीं में बेसिक और स्टैंडर्ड मैथ का पैटर्न एक जैसा होगा। परीक्षा में आसान सवाल पूछे जाएंगे।