मनीष मिश्र, पूर्व ब्लॉक प्रमुख डीघ।
- फोटो : अमर उजाला।
प्रयागराज। पूर्व विधायक विजय मिश्रा के भतीजे मनीष मिश्रा पर विजिलेंस की टीम ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मुकदमा दर्ज किया है। जांच में पता चला कि मनीष ने भदोही जनपद के डीघ विकास खंड का ब्लॉक प्रमुख रहते हुए अपनी आय के सापेक्ष कुल 9,75,82,848 रुपये अधिक खर्च किया है। मई वर्ष 2023 से इसकी जांच चल रही थी। सीओ अशोक कुमार वर्मा की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है।
हंडिया के ग्राम सराय सिविल (खपटिहा) के रहने वाले मनीष मिश्रा वर्ष 2021 में भदाेही जिले के डीघ से ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। आरोप लगा था कि अपने कार्यकाल के दौरान इनके पास आय से अधिक संपत्ति है। इसकी जांच पहले वाराणसी विजिलेंस के पास थी। 19 मई 2023 से इसकी खुली जांच शुरू हुई। बीते 28 जनवरी 2025 को शासन को जांच रिपोर्ट सौंपी गई। इसमें पाया गया कि अपने कार्यकाल के दौरान मनीष ने अपनी आय के सभी वैध स्रोतों से कुल 33,74,778 रुपये अर्जित किया। लेकिन, इस अवधि में उन्होंने भरण- पोषण पर कुल 10 करोड़ नौ लाख,57 हजार 626 रुपये खर्च किया है।
ऐसे में अपनी आय के सापेक्ष कुल नौ करोड़,75 लाख 82 हजार 848 रुपये अधिक खर्च करना पाया गया है। इसे लेकर मनीष मिश्रा से जवाब भी मांगा गया, लेकिन उनकी तरफ से कोई कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। बहरहाल, शासन के आदेश पर सीओ अशोक कुमार वर्मा की शिकायत पर विजिलेंस ने केस दर्ज किया है।
भदोही के अलावा अन्य जनपदों में भी संपत्ति
विजिलेंस के एक अफसर ने बताया कि जांच में पता चला है कि मनीष की भदोही में कई संपत्तियां हैं। इसके अलावा अन्य जनपदों में भी संपत्ति के बारे में पता चला है। अफसरों ने बताया कि मामले की विवेचना पूरी होने के बाद मनीष मिश्रा से पूछताछ की जाएगी। बता दें कि मौजूदा समय मनीष मिश्रा जेल में हैं।