एक बार पहले भी जब्त हो चुकी है पिस्टल
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वेद दुबे मनबढ़ प्रवृत्ति का है। पिछले साल स्कूल के बाहर फायरिंग मामले में उसकी पिस्टल जब्त कर ली गई थी। बाद में उसने इसे कोर्ट से छुड़वाया था। उक्त मुकदमे में विवेचना के दौरान हत्या के प्रयास की धारा भी बढ़ाई गई। हालांकि, बाद में वादी की ओर से शपथपत्र देने पर मुकदमा अन्य धारा में चार्जशीटेड हुआ।
थाने में केक काटते तस्वीर वायरल होने पर मचा था हंगामा
दूसरे पक्ष से जेल भेजे गए रानू तिवारी का लंबा-चौड़ा आपराधिक इतिहास है। वह हिस्ट्रीशीटर है। 2023 में औद्योगिक थाने के भीतर थानाध्यक्ष सुभाष सिंह के साथ केक काटते तस्वीर वायरल होने के बाद उसका नाम खासा चर्चा में रहा था। इससे पहले 2022 में दुष्कर्म के मामले में जेल में निरुद्ध बंदी दीपक पाल को एसआरएन अस्पताल से फरार कराने में भी उसका नाम सामने आया था। बाद में उसे आर्म्स एक्ट के मामले में जेल भेजा गया था। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आपराधिक रिकॉर्ड वाला व्यक्ति जमीन की पंचायत करने और वह भी पुलिस चौकी के सामने बेखौफ होकर कैसे घूम रहा था।