पूरामुफ्ती में अशरफ के साले जैद समेत पांच पर हत्या के प्रयास समेत अन्य आराेपों में केस दर्ज हुआ है। अहमदपुर असरौली के इश्तियाक अहमद ने आरोप लगाया है कि जमीन पर अवैध कब्जा हटाने जाने पर फायरिंग की गई। इसमें वह बाल-बाल बच गया। पुलिस ने चार नामजद व एक अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
इश्तियाक ने पुलिस को बताया कि उसकी व उसके परिवार की पुश्तैनी जमीन हटवा उपरहार में स्थित है। आरोप है कि पिछले 10 वर्षों से झुर्री, सैफी व शिबली पुत्रगण झुर्री, जैद मास्टर ने इस जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। जब-जब वह इन लोगों से अपनी जमीन से कब्जा हटाने की बात करता है, तब-तब उक्त लोग गालीगलौज करते हुए भगा देते हैं।
आरोप है कि 13 मई की सुबह जब वह व उसके परिवार के लोग अपनी जमीन पर ट्रैक्टर सहित पहुंचे तो सैफी अपने एक अज्ञात साथी के साथ आकर कहने लगा कि उस पर पहले से ही इतने मुकदमे हैं। तुम इस सरकार के दम पर जमीन लेना चाहते हो। इतना कहते हुए उसने तमंचा से फायर कर दिया। इसमें गोली उसके कान के पास से गुजर गई और वह बाल-बाल बच गया। इस घटना के बाद से वह व उसका परिवार बहुत भयभीत हो गया है। प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।