कोल्ड स्टोर को पूरा गिराने के मसले पर जल्द ही निर्णय लिया जा सकता है। फिलहाल, अभी इसी पर मंथन चला रहा है कि कोल्ड स्टोर में पड़ीं आलू की 1.10 लाख बोरियां सुरक्षित कैसे निकाली जाएं। कोल्ड स्टोर का एक हिस्सा ढहने से वहां का तापमान बढ़ गया है।
ऐसे में आलू के खराब होने की आशंका है। अगर जल्द वहां से आलू नहीं निकाला गया तो किसानों को बड़ा नुकसान हो सकता है। दूसरी ओर डीएम के निर्देश पर जिले के सभी 50 कोल्ड स्टोर की जांच शुरू करा दी गई है, जिसकी रिपोर्ट अगले हफ्ते आएगी।
आदर्श कोल्ड स्टोर का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है और अलग-अलग विभागों से जांच कराई जा रही है। सभी जगह से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिले के अन्य कोल्ड स्टोर की भी जांच कराई जा रही है कि उनका संचालन मानकों के अनुरूप किया जा रहा है या नहीं। - मनीष कुमार वर्मा, डीएम