अतीक अहमद के करीबी मो. अरमान पर जमीन कब्जाने व धमकाने के आरोप में एक और केस दर्ज किया गया है। सिविल लाइंस निवासी रंजीत दास की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। अरमान एक दिन पहले ही अतीक के शूटर आशिक उर्फ मल्ली संग गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
अरमान सिविल लाइंस थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसे व मल्ली को पुलिस ने एक दिन पहले एल्गिन रोड स्थित अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था। बृहस्पतिवार को जेल भेजे जाने के बाद ही अरमान पर एक और केस दर्ज किया गया। नवाब यूसुफ रोड निवासी रंजीत दास पुत्र आरडी दास ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि अरमान व उसके अज्ञात साथी असलहों से लैस होकर उसके जमीन पर आए और गालीगलौज व जान से मारने की धमकी देते हुए अवैध कब्जा कर लिया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया। हालांकि इस मामले में एक ख्खास बात यह है कि घटना 13 जुलाई को हुई और उसी दिन मामले की शिकायत भी पुलिस से की गई। इसके बावजूद थाने में रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई। थाने के हिस्ट्रीशीटर से जुड़ा मामला होने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज न होने से सवाल भी खड़े हो रहे हैं।